Chhath Puja: ट्रेनें फुल, प्राइवेट बसों में मची लूट, जानें छठ पर घर जाने के क्या हैं अन्य विकल्प?
आस्था का महापर्व छठ पूजा (Chhath Puja) आज (28 अक्टूबर) से शुरू हो गई है। जिस वजह से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ आदि बड़े शहरों से अपने घरों की ओर जा रहे। ये पर्व बिहार, झारखंड और पूर्वांचल (यूपी) में काफी ज्यादा धूमधाम से मनाया जाता है, ऐसे में वहां जाने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी है। रेलवे ने इस साल भी छठ पर कई स्पेशल ट्रेनें चलाईं, लेकिन ये इंतजाम नाकाफी साबित होते हुए दिखाई दे रहे हैं।

मौजूदा वक्त में बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें फुल चल रही हैं। अन्य विकल्प में सबसे बेहतर हवाई यात्रा है, लेकिन उसमें दिल्ली से पटना के लिए एक सीट का किराया ही 20 हजार से ज्यादा है, ऐसे में ये आम आदमी के बजट से पूरी तरह से बाहर है। वहीं प्राइवेट बस संचालक भी मनमानी पर उतर आए हैं, जिस वजह से 1000-1500 रुपये वाले बस टिकट अब 5000-7000 रुपये तक मिल रहे हैं। हालांकि सरकार ने कुछ अच्छे इंतजाम किए हैं, जिनके बारे में अभी लोगों को कम ही पता है।
Recommended Video
यूपी परिवहन विभाग के मुताबिक दिल्ली से पूर्वांचल की ओर कई नई बसें चलाई जा रही हैं। जिसकी जानकारी आप www.onlineupsrtc.co.in पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। ये बसें काफी किफायती हैं। इसमें दिल्ली से गोरखपुर पर किराया 1500 रुपये प्रति यात्री रखा गया है। इसके अलावा लखनऊ के चारबाग, आलमबाग, कैसरबाग बस स्टेशनों से सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक हर घंटे स्पेशल बसें भेजी जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छठ पूजा को देखते हुए यूपी परिवहन विभाग ने 20 एसी और 80 साधारण बसों का संचालन शुरू किया है, जिसमें लोगों को आसानी से सीट मिल सकती है। वहीं दिल्ली-नोएडा से प्राइवेट बस संचालकों ने गोरखपुर, गाजीपुर, पटना आदि के लिए बसों का संचालन बढ़ाया है, जिसमें किराया 3000-5000 रुपये के बीच है। हालांकि दिल्ली से पटना पहुंचने में 20 घंटे तक का वक्त लग जाता है, ऐसे में लोग इस बस की यात्रा से बचते हैं।
कैब का क्या है हाल?
पिछले कुछ सालों में प्राइवेट टैक्सी का भी चलन बढ़ गया है। छठ के मौके पर बहुत से लोग दिल्ली-नोएडा से कैब बुक करके बिहार जा रहे हैं, लेकिन उनको इसके बदले काफी कीमत चुकानी पड़ रही। 28 से 30 अक्टूबर तक बिहार के लिए कैब का किराया भी ज्यादा दिखा रहा। ये 22 हजार से शुरू होकर 35 हजार रुपये तक है।












Click it and Unblock the Notifications