'चंदा मामा हम आ रहे हैं...', भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर झूमा सोशल मीडिया
Chandrayaan- 3 Launch successful: इसरो ने भारत के तीसरे मून मिशन चंद्रयान-3 मिशन आज दोपहर 2.35 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है। अंतरिक्ष की दुनिया में भारत ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया है। इसरो ने चंद्रमिशन के तहत चंद्रयान-3 को चांद पर भेजा है। चंद्रयान-3 अगस्त 05 तक चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा।
चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक लॉन्च होने से सोशल मीडिया पर लोग अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। ट्विटर पर हैशटैग #Chandrayaan3, #ISRO और CHANDA MAMA टॉप ट्रेंड कर रहा है।

ट्विटर पर सैकड़ों यूजर्स ने लिखा है, ''चंदा मामा हम आ रहे हैं।'' वहीं सैकड़ों यूजर्स ने इसरो के टीम की तारीफ की है और उन्हें बधाई दी है।
वहीं कई यूजर्स ने चंद्रयान-3 के लॉन्च का वीडियो शेयर करते हु लिखा है, ये देखना ही अपने आप में अजूबा है। एक यूजर ने लिखा, 'ये किसी जादू से कम नहीं है।'
चंद्रयान-3 के कक्षा में सफल प्रक्षेपण के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में जश्न मनाया गया है। इसके वीडियो को भी कई लोगों ने शेयर किया है।
इसरो के वैज्ञानिकों ने प्रक्षेपण यान से उपग्रह के सफल पृथक्करण की घोषणा भी की है। उपग्रह को अब चंद्रमा की यात्रा शुरू करने के लिए वांछित कक्षा में स्थापित कर दिया गया है।
इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा, ''चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है। हमारे LVM3 ने पहले ही चंद्रयान-3 को पृथ्वी के चारों ओर सटीक रूप से स्थापित कर दिया है...हम चंद्रयान-3 के लिए शुभकामनाएं देते हैं ताकि वह आने वाले दिनों में चंद्रमा की ओर सफल यात्रा कर सके।''












Click it and Unblock the Notifications