'आप भारत का गर्व हैं...', चंद्रयान-3 के लैंड होते ही शॉल और स्पेशल टोपी लेकर ISRO दफ्तर पहुंचे डीके शिवकुमार
Chandrayaan-3: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का चंद्रयान-3 चांद की सतह पर लैंड कर चुका है। उसका रोवर भी सफलतापूर्वक बाहर आ गया, जो अगले 14 दिनों तक वहां पर रिसर्च करेगा। इसरो की इस सफलता से देश में खुशी का माहौल है। वहीं कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी वैज्ञानिकों को बधाई दी।
चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद डीके शिवकुमार इसरो के सेंटर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए बधाई दी। इसके बाद उन्होंने मिशन से जुड़ी जानकारी हासिल की।

डिप्टी सीएम ने कहा कि विक्रम लैंडर को चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतारने की आपकी (इसरो टीम) उपलब्धि सराहनीय है। आप भारत का गौरव हैं। परियोजना के लिए कड़ी मेहनत करने वाले इसरो के सभी वैज्ञानिकों और कर्मचारियों के प्रयास सराहनीय हैं। इसरो को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई।
पहनाई खास टोपी
वहीं डीके शिवकुमार ने इसरो की टीम को शॉल ओढाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें स्पेशल टोपी भी पहनाई। वहीं वैज्ञानिकों ने भी वहां आने के लिए डिप्टी सीएम का आभार जताया।
कमांड सेंटर में जश्न का माहौल
वहीं बुधवार शाम को जैसे ही चंद्रयान-3 ने लैंड किया, वैसे ही बेंगलुरु स्थित कमांड सेंटर में जश्न का माहौल हो गया। वैज्ञानिकों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। पीएम मोदी साउथ अफ्रीका के दौरे पर हैं। वो भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े, साथ ही पूरी टीम को बधाई दी।
सीएम ने दी बधाई
वहीं कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने भी ट्वीट कर इसरो की टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने सफल लैंडिंग की, ये ऐतिहासिक पल है। वैज्ञानिकों की दशकों की कड़ी मेहनत ने मेरे जैसे लाखों भारतीयों का सपना साकार किया है। चंद्रमा पर भारतीय ध्वज फहराने और देशवासियों को गौरवान्वित करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन को धन्यवाद।












Click it and Unblock the Notifications