मंकीपॉक्स को लेकर केंद्र ने जारी किया अलर्ट, हवाईअड्डे और बंदरगाह पर कड़ी नजर
नई दिल्ली, 20 मई: विदेशों में मंकीपॉक्स के मामलों में तेजी से वृद्धि के मद्देनजर, केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सभी इंटरनेशनल एंट्री प्वाइंट- हवाई अड्डों, बंदरगाहों और लैंड बॉर्डर क्रॉसिंग पर निगरानी शुरू कर दी है। च केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और आईसीएमआर को स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। वहीं अफ्रीका से आए यात्रियों के नमूने आगे की जांच के लिए पुणे में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) भेजे गए हैं।

एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, उन्हें निर्देश दिया गया है कि मंकीपॉक्स प्रभावित देशों की यात्रा के इतिहास वाले किसी भी बीमार यात्री को अलग कर दिया जाए और नमूने जांच के लिए पुणे में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की बीएसएल4 सुविधा को भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और आईसीएमआर को भारत में स्थिति पर कड़ी नजर रखने और निगरानी करने का निर्देश दिया।
इस बीच, यूरोप में 100 से अधिक मामलों की पुष्टि होने के बाद, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) मंकीपॉक्स के हालिया प्रकोप पर चर्चा करने के लिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, मंकीपॉक्स आमतौर पर बुखार, चकत्ते और सूजी हुई लिम्फ नोड्स के साथ मनुष्यों में प्रकट होता है और इससे कई प्रकार की स्वास्थ्य जटिलताएं हो सकती हैं। मंकीपॉक्स आमतौर पर दो से चार सप्ताह तक चलने वाले लक्षणों के साथ एक स्व-सीमित बीमारी है। यह भी गंभीर हो सकता है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि हाल के दिनों में मृत्यु अनुपात लगभग 3-6 प्रतिशत रहा है।
मंकीपॉक्स वायरस घावों, शरीर के तरल पदार्थ, श्वसन बूंदों और बिस्तर जैसी दूषित सामग्री के निकट संपर्क से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि मंकीपॉक्स चेचक से मिलता-जुलता है। मंकीपॉक्स को जर्मनी ने यूरोप में अब तक के सबसे बड़े प्रकोप के रूप में वर्णित किया है। अब संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के अलावा कम से कम पांच देशों - यूनाइटेड किंगडम, स्पेन पुर्तगाल, जर्मनी और इटली में मंकीपॉक्स के मामलों की पुष्टि की गई है।












Click it and Unblock the Notifications