कैराना में 'गर्मी से VVPAT खराब' के बाद, अब मुख्य चुनाव आयुक्त ने दिया बड़ा बयान
विपक्ष की ओर से ईवीएम पर उठे सवालों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने सामने आकर बयान दिया है।
Recommended Video

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों की 4 लोकसभा और 10 विधानसभा की सीटों पर हुए सोमवार को हुए उपचुनाव के दौरान बड़ी संख्या में वोटिंग मशीनों के खराब होने की खबरें सामने आईं। यूपी की कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा की सीटों पर ईवीएम और वीवीपीएटी के खराब होने को लेकर जहां विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमला बोला, वहीं खुद भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह ने भी ईवीएम खराब होने को लेकर शिकायत की। विपक्ष की ओर से ईवीएम पर उठे सवालों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने सामने आकर बयान दिया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताई ये वजह
मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने कहा, 'कल ईवीएम में वास्तव में कोई समस्या नहीं थी। हां, वीवीपीएटी में जरूर समस्या सामने आई। ये वीवीपीएटी इन निर्वाचन क्षेत्रों और पोलिंग पार्टी द्वारा पहली बार इस्तेमाल की गईं।' आपको बता दें कि सोमवार शाम को ही सपा सांसद रामगोपाल यादव, आरएलडी प्रमुख चौ. अजीत सिंह और कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने कैराना और नूरपुर में ईवीएम खराब होने को लेकर चुनाव आयोग जाकर शिकायत की थी। कैराना और नूरपुर में करीब 270 मतदान केंद्रो पर ईवीएम और वीवीपीएटी के खराब होने की शिकायतें मिलीं।

'ज्यादा गर्मी के चलते वीवीपैट खराब'
इससे पहले सोमवार को इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए सहारनपुर और मुजफ्फनगर के डीएम एल. वेंकटेश्वर ने कहा कि भीषण गर्मी के चलते मशीनों नें गड़बड़ी आ रही है। डीएम वेंकटेश्वर ने कहा कि अब तक 249 मशीनें बदली जा चुकी हैं, जहां से भी खराबी की सूचना आ रही हैं, वहां मशीने बदली जा रही हैं। डीएम वेंकटेश्वर ने बताया कि ईवीएम खराबी के जो आरोप लग रहे हैं, वे सही नहीं हैं। मशीनों में खराबी आना एक तकनीकी समस्या है। ज़्यादा गर्मी के चलते वीवीपैट खराब हो रहे हैं।

भाजपा उम्मीदवार ने भी की शिकायत
दूसरी तरफ कैराना लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह ने भी ईवीएम को लेकर नाखुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बहुत सारी जगहों पर ईवीएम मशीनें दिनभर खराब होती रहीं, जिसके चलते उनके समर्थक वोटरों को बिना मतदान किए वापस लौटना पड़ा। मृगांका ने कहा कि पार्टी के लोग इसको लेकर चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे। आरएलडी प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने भी ईवीएम के खराब होने को लेकर चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर शिकायत की।












Click it and Unblock the Notifications