मेहुल चोकसी के खिलाफ सीबीआई ने 22 करोड़ के फर्जीवाड़े का केस किया दर्ज
नई दिल्ली, 02 मई। पीएनबी घोटाले में शामिल भगोड़े मेहुल चोकसी के खिलाफ सीबीआई ने नया केस दर्ज किया है। सीबीआई ने मेहुल चोकसी और उसकी कंपनी गीतांजलि जेम्स के खिलाफ यह केस दर्ज किया है। सीबीआई ने आईएफसीआई के साथ धोखाधड़ी के मामले में यह केस दर्ज किया है। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईएफसीआई के एजीएम की ओर से हमे मेहुल चोकसी और उनकी कंपनी गीतांजली जेम्स के खिलाफ शिकायत मिली थी, जिसके बाद शुरुआती जांच की गई और मेहुल चोकसी और उनकी कंपनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 468, 471 के तेहत मुंबई में केस दर्ज किया गया है।

सीबीआई अधिकारी ने बताया कि 2014 से 2018 के बीच आईएफसीआई लिमिटेड इस कंपनी के प्रतिनिधि पर और उसके द्वारा किए गए वादों पर निर्भर थी। कंपनी ने अपनी ज्वेलरी के मूल्यांकन के आधार पर 25 करोड़ रुपए का लोन दिया था। अब इस मामले में कंपनी ने मेहुल और उनकी कंपनी के खिलाफ 22 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। जिसके बाद सीबीआई ने इस मामले में मेहुल चोकसी और उनकी कंपनी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
गौर करने वाली बात है कि मेहुल चोकसी के खिलाफ आयकर विभाग की ओर से पिछले महीने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्ति को जब्त कर लिया था। आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया था कि नासिक में चोकसी की 9 एकड़ की कृषि जमीन को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। बता दें कि मेहुल चोकसी के चाचा नीरव मोदी भी पीएनबी घोटाले में शामिल हैं और दोनों ही इस समय भगोड़ा साबित किए जा चुके हैं। दोनों पर पीएनबी के साथ 13500 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है। नीरव मोदी 2018 में भारत से भाग गया था। वहीं मेहुल चोकसी भी 2018 से ही फरार है। दोनों को भारत लाने की लगातार कोशिश भारतीय जांच एजेंसियां कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications