देश में सबसे बड़ा बैंक घोटाला, 28 बैंकों से 22,842 करोड़ का फ्रॉड, सीबीआई ने दर्ज किया केस
नई दिल्ली, 12 फरवरी: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शिपिंग कंपनी एबीजी शिपयार्ड के खिलाफ 22,842 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज किया है। देश की निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी शिपिंग कंपनियों में से एक एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड पर आईसीआईसीआई बैंक के नेतृत्व वाले 28 बैंकों के कंसोर्टियम से 22,842 करोड़ रुपए का फ्रॉड करने का आरोप है। बैंकों से धोखाधड़ी का ये सबसे बड़ा मामला है। बैंकों से इतनी बड़ी राशि का फ्रॉड पहली बार सामने आया है, जिसमें सीबीआई ने केस दर्ज किया है।

Recommended Video
सीबीआई ने एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड, कंपनी के तत्कालीन अध्यक्ष ऋषि कमलेश अग्रवाल, तत्कालीन कार्यकारी निदेशक संथानम मुथास्वामी, निदेशक अश्विनी कुमार, सुशील कुमार अग्रवाल और रवि विमल नेवेतिया और कुछ अन्य के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आधिकारिक दुरुपयोग को लेकर भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
2019 में की थी शिकायत
बैंकों के संघ ने नवंबर 2019 में इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 2020 में बैंकों के संघ की ओर से एक नई शिकायत दर्ज की गई। जांच के बाद सीबीआई ने मामला दर्ज किया है। बैंकों की ओर से कंपनी को 'फ्रॉड अकाउंट' में घोषित करने के दो साल बाद एजेंसी ने एबीजी शिपयार्ड और उसके निदेशकों के खिलाफ यह कार्रवाई की है। सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक फर्म पर आईसीआईसीआई का 7,089 करोड़, आईडीबीआई बैंक का 3634 करोड़, एसबीआई का 2925 करोड़, बैंक ऑफ बडौदा का 1614 करोड़ और पीएनबी का 1200 करोड़ का कर्ज है।












Click it and Unblock the Notifications