Cauvery Water Dispute: कावेरी विवाद पर कर्नाटक बंद, क्या है 12 हजार क्यूसेक पानी का झगड़ा?

Cauvery Water Dispute: कावेरी नदी के पानी को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। कावेरी जल नियमन समिति (CWRC) के पानी छोड़ने के निर्देश के विरोध में 13 अगस्त को कर्नाटक बंद बुलाया गया है। राज्य के कई हिस्सों में संगठनों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन कोप्पल में विरोध का तरीका चर्चा में आ गया। यहां प्रदर्शनकारियों ने तमिलनाडु नंबर वाले ट्रकों को रोककर उनके ड्राइवरों को गुलाब के फूल दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कर्नाटक को उकसाने की कोशिश न की जाए।

दरअसल, CWRC ने कर्नाटक को 15 दिनों तक तमिलनाडु के लिए 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का निर्देश दिया है। इसी के खिलाफ कन्नड़ संगठनों में नाराजगी है। वहीं, कर्नाटक सरकार भी राज्य में पानी की कमी का हवाला देते हुए अपने हितों की बात कर रही है।

Cauvery Water Dispute

12 हजार क्यूसेक पानी के आदेश का विरोध

प्रदर्शनकारी CWRC के पानी छोड़ने के निर्देश का विरोध कर रहे हैं। समिति ने कर्नाटक को 15 दिनों तक तमिलनाडु के लिए 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने को कहा है। कर्नाटक के संगठनों का कहना है कि राज्य के कई हिस्सों में खुद पीने और खेती के पानी की जरूरत है। इसी मुद्दे को लेकर राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया।

ये भी पढ़ें: ब्राह्मण मुक्त कर्नाटक सरकार: 30 साल में पहली बार कोई ब्राह्मण मंत्री नहीं, भागीदारी पर उठे सवाल

हिटलनाल टोल गेट पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन में दखल दिया और आयोजकों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। यह प्रदर्शन कर्नाटक ओक्कुटा की ओर से बुलाए गए राज्यव्यापी बंद का हिस्सा था।

वाटाल नागराज के नेतृत्व में बंद

कर्नाटक ओक्कुटा के प्रदेश अध्यक्ष वाटाल नागराज इस बंद का नेतृत्व कर रहे हैं। कोप्पल जिला इकाई की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, प्रदर्शन के तालमेल की जिम्मेदारी कर्नाटक रक्षणा वेदिके युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष बीजन्ना राजन्ना और सुवर्ण कर्नाटक युवा सेना के प्रदेश अध्यक्ष टीके नायक को दी गई थी। संगठनों ने राज्यभर में सुबह 6 बजे से प्रदर्शन करने का आह्वान किया था। इसके लिए टोल गेट, राष्ट्रीय राजमार्ग और हाईवे को प्रदर्शन की जगह बनाया गया।

बंद की वजह क्या है?

संगठनों का कहना है कि कर्नाटक के अपने पानी की जरूरतों को देखते हुए यह बंद बुलाया गया है। उनका खास जोर उन जिलों पर है जहां पीने और सिंचाई के पानी की कमी बताई जा रही है। इस बीच कर्नाटक के कई हिस्सों में बंद को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई है। बेंगलुरु में भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

कर्नाटक में बंद के बीच तमिलनाडु से आने वाली सरकारी बसों की आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं हुई। होसुर के रास्ते तमिलनाडु की सरकारी बसें कर्नाटक में प्रवेश करती रहीं। इससे दोनों राज्यों के बीच कावेरी पानी को लेकर जारी तनाव के बीच जमीनी स्थिति की एक अलग तस्वीर भी सामने आई।

दशकों पुराना है कावेरी विवाद

कावेरी नदी कर्नाटक से निकलती है और तमिलनाडु से होते हुए बंगाल की खाड़ी में मिलती है। दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से इस बात को लेकर विवाद है कि नदी का पानी किस अनुपात में बांटा जाए। इस विवाद को सुलझाने के लिए पहले कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण बनाया गया था। बाद में कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण की व्यवस्था हुई, जो पानी की स्थिति और जरूरत के आधार पर राज्यों को पानी छोड़ने से जुड़े निर्देश देता है। कम बारिश या जलाशयों में पानी कम होने पर विवाद फिर बढ़ जाता है। मौजूदा मामले में तमिलनाडु के सुप्रीम कोर्ट जाने के फैसले के बाद कावेरी विवाद अब फिर कानूनी और राजनीतिक चर्चा में है।

डीके शिवकुमार बोले- राज्य के हितों की रक्षा होगी

पिछले सप्ताह कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कावेरी मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की थी। उन्होंने कहा था कि सरकार और वह खुद राज्य के लोगों और किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। शिवकुमार ने कहा था कि हर स्थिति में कर्नाटक के हितों की सुरक्षा की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया था कि राज्य अभी सूखे जैसी स्थिति से गुजर रहा है और अनुमानित बारिश की तुलना में करीब 30-35 फीसदी ही बारिश हुई है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की थी कि सरकार की ओर से दिशा-निर्देश जारी होने तक वे धैर्य बनाए रखें।

ये भी पढ़ें: Earthquake in Leh-Ladakh: लेह में सुबह-सुबह महसूस हुए भूकंप के तेज झटके! कितनी गहराई में था केंद्र?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+