आरबीआई का आदेश- एक जनवरी से ATM से निकाल सकेंगे 4500 रुपये
नोटबंदी की घोषणा के बाद 25 नवंबर को आरबीआई ने पैसे निकालने की वीकली लिमिट को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया था।
नई दिल्ली। नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने के बाद नए साल से लोगों को थोड़ी राहत मिलने वाली है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को एटीएम से पैसे निकाले जाने की नई लिमिट की घोषणा कर दी है। एक जनवरी से 2500 की जगह एटीएम से एक कार्ड से 4500 रुपये प्रति दिन निकाले जा सकेंगे। हालांकि आरबीआई ने पैसे निकालने की वीकली लिमिट में कोई बदलाव नहीं किया है।

वीकली लिमिट अभी भी है 24000
नोटबंदी की घोषणा के बाद 25 नवंबर को आरबीआई ने पैसे निकालने की वीकली लिमिट को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया था। आरबीआई ने कहा था कि एक सप्ताह में सिर्फ 24000 रुपये ही निकाले जा सकेंगे। इसके पहले एटीएम से पैसे निकालने की लिमिट को लेकर भी आरबीआई ने आदेश जारी किया था। आरबीआई ने 20 नवंबर को नोटिफिकेशन जारी करके एटीएम से कैश निकालने की लिमिट 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिदिन कर दी थी।
8 नवंबर को हुई थी घोषणा
बता दें कि कालेधन पर रोक लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को नोटबंदी का ऐलान किया था। इसके तहत 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह सरकार ने 2000 रुपये और 500 रुपये के नए नोट जारी किए। सरकार ने लोगों को पुराने नोट बदलने और बैंकों में जमा कराने के लिए 30 दिसंबर तक का वक्त दिया था। यह समय सीमा अब समाप्त हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications