कृषि कानूनों की वापसी पर कैप्टन अमरिंदर सिंह खुश, ट्वीट कर पीएम मोदी के लिए कही ये बात
नई दिल्ली, 19 नवंबर। पिछले एक साल से जिन कृषि कानूनों को लेकर देश के अंदर किसानों का आंदोलन चल रहा था उन कानूनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वापस लेने का ऐलान किया है। प्रकाश पर्व के मौके पर की गई इस घोषणा का अभी तक लगभग सभी विपक्षी दलों ने तहे दिल से स्वागत किया है। इस बीच हाल ही में अपनी नई पार्टी का ऐलान करने वाले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी पीएम का उनकी घोषणा के लिए धन्यवाद किया है।

अमरिंदर सिंह ने क्या कहा ट्वीट में?
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पीएम की घोषणा के बाद एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा, "अच्छी खबर! गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर हर पंजाबी की मांगों को मानने और 3 काले कानूनों को वापिस लेने वाले पीएम का फैसला सराहनीय है। इसके लिए उनका धन्यवाद। मुझे यकीन है कि केंद्र सरकार किसानों के विकास के लिए काम करना जारी रखेगी।" कैप्टन ने अपने ट्वीट में पीएम मोदी और अमित शाह को टैग भी किया है।
इस ऐलान के बाद पंजाब में बीजेपी के साथ जाएंगे कैप्टन?
आपको बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह किसान आंदोलन के समर्थक थे और लगातार कानूनों का वापस लिए जाने की मांग कर रहे थे। इसको लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह पीएम मोदी और अमित शाह से भी मुलाकात कर चुके थे। इसके अलावा अब ये भी माना जा रहा है कि कृषि कानूनों की वापसी के बाद पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कैप्टन की पार्टी बीजेपी के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ सकती है, क्योंकि अभी तक यही एक मुद्दा ऐसा था, जिसको लेकर दोनों दल एकसाथ नहीं आ पा रहे थे।
Recommended Video
पीएम मोदी ने की ये घोषणा
आपको बता दें कि गुरु नानक जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करने आए। उनके इस संबोधन की पहले से जानकारी नहीं दी गई थी। पीएम ने कानूनों का वापस लेने का ऐलान करते हुए कहा कि हम तीनों कृषि कानूनों को किसानों के हित के लिए लाए थे, लेकिन हम कुछ किसानों को इन कानूनों के बारे में बेहतर तरीके से समझा नहीं पाए। पीएम मोदी ने कहा कि तीन कृषि कानूनों का लक्ष्य किसानों, खासकर छोटे किसानों को सशक्त बनाना था।












Click it and Unblock the Notifications