तस्वीरों में देखें: मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में होगी अचूक सुरक्षा व्यवस्था
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। 26 मई यानी कि सोमवार को नरेन्द्र मोदी देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। आतंकी अड़गों के बीच मोदी के शपथ ग्रहण को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। सीधे शब्दों में कहें तो मोदी के शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा का स्तर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान होने वाले सुरक्षा इंतजाम के बराबर होगा।
आपको बताते चलें कि मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सहित पड़ोसी देशों के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि अटल बिहारी वाजपेयी के कदमों पर चलते हुए मोदी ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में शपथ ग्रहण समारोह कराने की मांग की थी ताकि इसमें ज्यादा से ज्यादा लोग हिस्सा ले सकें।
चंद्रशेखर ने भी इसी प्रांगण में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। मालूम हो कि शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होगा। इस दौरान जमीन से आसमान तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। तो आईए आपको तस्वीरों के माध्यम से दिखाते हैं मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों के बारे में:

आसमान से नजर रखेगी वायुसेना
भारतीय वायुसेना इस मौके के लिए अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली को तैनात कर देगी और राष्ट्रपति भवन के आसपास ऊंचे भवनों पर निशानेबाज तैनात रहेंगे। वायु सेना द्वारा समारोह से पूर्व कई बार हवाई सर्वेक्षण किया जाएगा।

पांच हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात
राष्ट्रपति भवन से लेकर आसपास के कई किलोमीटर के दायरे में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस के सुरक्षा शाखा के अधिकारियों के अनुसार दिल्ली पुलिस से लेकर अर्द्धसैनिक बलों के करीब पांच हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें अर्द्धसैनिक बलों के ब्लैक कैट कमांडो से लेकर अन्य तेजतर्रार कमांडो की भी तैनाती की जाएगी। आसपास के सभी भवन सुरक्षा घेरे में रहेंगे। जहां से वह दूरबीन के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

राष्ट्रपति भवन के आस-पास के दफ्तर 5 घंटे पहले होंगे बंद
दिल्ली पुलिस इसके लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था करेगी। शपथ ग्रहण समारोह के दिन रायसीना हिल्स के आसपास सुरक्षा का जबरदस्त घेरा रहेगा और इसके आसपास के सभी दफ्तर समारोह शुरू होने के पांच घंटे पहले बंद हो जाएंगे।

नवाज शरीफ होंगे शामिल
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आखिरकार नरेंद्र मोदी की ओर से भेजा शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्यौता स्वीकार कर लिया है। अब नवाज शरीफ सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने के लिए भारत आने को राजी हो गए हैं। नवाज शरीफ ने यह फैसला लेने में तीन दिन का समय लिया।

अगर मोदी बुलाए तो शपथ ग्रहण समारोह में जाएंगी जसोदा
26 मई को नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में 3000 लोग शामिल होंगे। लेकिन मोदी अगर जसोदा बेन को आमंत्रण दें तो वो भी मोदी की जिंदगी के ऐतिहासिक पल की गवाह बनना चाहती हैं। मीडिया से खास बातचीत में जसोदाबेन ने कहा है कि अगर मोदी उन्हें साथ रहने के लिए बुलाएं तो वो उनके साथ जाने के लिए तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications