सरकार का सैनिकों को दिवाली गिफ्ट, कॉल दर हुई 1 रुपए प्रति मिनट
संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने बताया कि डीसीपीटी सेवा के लिए 500 रुपये मासिक शुल्क को समाप्त कर दिया गया है।
नई दिल्ली। सरकार ने दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सैनिकों, सैन्य अधिकारियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को दिवाली का तोहफा देते हुये भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा उनके लिए संचालित डिजिटल सैटेलाइट फोन टर्मिनल (डीसीपीटी) सेवा के मासिक शुल्क को समाप्त करते हुये कॉल दर को पांच रुपये से कम कर एक रुपये प्रति मिनट करने का फैसला किया है।

संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने बताया कि डीसीपीटी सेवा के लिए 500 रुपये मासिक शुल्क को समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही पांच रुपये प्रति मिनट कॉल की दर को कम कर एक रुपये प्रति मिनट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी डीसीपीटी सेवा के तहत ढाई हजार कनेक्शन हैं तथा बीएसएनएल के पास ढाई हजार और कनेक्शन देने की क्षमता है। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार क्षमता वृद्धि करने का विकल्प भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि मासिक शुल्क समाप्त करने और कॉल दर में कमी से बीएसएनएल को होने वाले नुकसान की भरपाई उनका मंत्रालय करेगा और इस पर सलाना करीब चार करोड़ रुपये का व्यय आने का अनुमान है।
मनोज सिन्हा ने कहा कि सेना और अर्धसैनिक बलों जैसे सीआरपीएफ,बीएसएफ, बीआरओ और आर्ईटीबीपी के जवान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पूर्वात्तर में इस सेवा का उपयोग करते हैं। कॉल दर में कमी किये जाने और मासिक शुल्क समाप्त किये जाने से दूरस्थ और दूरगम क्षेत्रों में तैनात जवानों को अपने परिजनों और मुख्यालय से लगातार संपर्क में बने रहने में सहूलियत होगी।












Click it and Unblock the Notifications