बुलंदशहर हिंसा पर शिवसेना का हमला, यूपी को नजरअंदाज कर शहरों के नाम बदलने में व्यस्त हैं CM योगी आदित्यनाथ
नई दिल्ली। बुलंदशहर हिंसा को लेकर योगी सरकार को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। विपक्षी दलों के साथ-साथ अब शिवसेना ने भी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। शिवसेना ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ सूबे के मुख्य मुद्दों पर बात करने के बजाय शहरों का नाम बदलने में व्यस्त हैं। बुलंदशहर हिंसा पर मुखपत्र सामना में लिखे संपादकीय के जरिए शिवसेना ने बीजेपी पर हमला बोला है।

'जो सत्ता में हैं, उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए'
जवान और पुलिसकर्मियों का कोई धर्म नहीं होता है। जो सत्ता में हैं, उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। शिवसेना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में दंगे हो रहे हैं। गोवंश के मांस को लेकर एक पुलिस की जान चली गई। शिवसेना ने योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी हमला बोला जिसमें उन्होंने कहा कि तेलंगाना में सत्ता में आने पर लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर कर दिया जाएगा।

'सवाल ये है कि राम मंदिर कब बनेगा?'
शिवसेना ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश के मूल मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। राम मंदिर मुद्दे को एक बार फिर उठाते हुए शिवसेना ने पूछा कि मंदिर कब बनेगा। शिवसेना ने कहा कि सवाल ये नहीं है कि हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर कब किया जाएगा, बल्कि सवाल ये है कि राम मंदिर कब बनेगा?

'नाम बदलने में व्यस्त हैं योगी आदित्यनाथ'
शिवसेना ने 'ओवैसी को हैदराबाद से भागना होगा' वाले बयान पर कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ निजामों और बाबर की निशानी को खत्म करने की बात करते हैं तो ये बताएं कि औरंगाबाद और ओस्मानाबाद का नाम बदलकर शंभाजीनगर और धाराशिव कब किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications