बुलंदशहर: इंस्पेक्टर सुबोध की ही सर्विस रिवॉल्वर से दंगाइयों ने मारी उन्हें गोली?
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोकशी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान स्याना क्षेत्र के इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामले में कई झकझोर देने वाले खुलासे हुए हैं। मामले सामने आई ताजा जानकारी से स्पष्ट है कि सुबोध कुमार की हत्या संयोगवश नहीं हुई है बल्कि उन्हें टारगेट करके गोली मारी गई। घटना के कई वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान से पता चला है कि इंस्पेक्टर को गोली मारने से पहले बुरी तरह पीटा गया। भीड़ इस कदर उग्र हो गई थी कि सुबोध कुमार अकेले ही रह गए थे। साथी पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए उन्हें अकेला छोड़कर भाग गए थे। सुबोध कुमार की सर्विस रिवॉल्वर भी उनके पास नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि उपद्रवी सुबोध कुमार की रिवॉल्वर और तीन मोबाइल भी लूटकर भाग गए। बताया जा रहा है कि प्राथमिक जांच के आधार पर ऐसा लग रहा है कि जो गोली सुबोध कुमार को लगी, वह उन्हीं की थी और उन्हीं की सर्विस रिवॉल्वर से चलाई गई थी। बाद में दंगाई उसी सर्विस रिवॉल्वर को भी लेकर फरार हो गए। हालांकि, इस बारे में तथ्य रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तरह साफ होंगे।

वायरल हो रहे घटना के वीडियो में जमीन की ओर लटका दिख रहा है सुबोध कुमार का सिर
जानकारी के मुताबिक, चिंगरावठी पुलिस चौकी पर प्रदर्शनकारी बेकाबू हो रहे थे। सुबोध कुमार विरोध कर रहे लोगों को समझाकर हालात काबू करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान उनकी प्रदर्शनकारियों से कई बार तीखी नोंक-झोंक भी हुई। उग्र होते प्रदर्शनकारियों पर काबू करने के प्रयास में सुबोध कुमार की गाड़ी एक खेत के बीच पहुंच गई। वायरल हो रहे घटना के एक वीडियो में सुबोध कुमार खेत में खड़ी गाड़ी के अंदर ड्राइवर के ठीक पिछली वाली सीट पर लटके नजर आ रहे हैं। देखने से लग रहा है कि उन्हें होश नहीं है या संभव है कि उनकी मृत्यु इसी दौरान हो चुकी थी। उनका शरीर सीट पर था और सिर जमीन की ओर लटका हुआ था। वीडियो में प्रदर्शनकारी सुबोध कुमार की मौत के बारे में बात करते भी सुनाई दे रहे हैं, लेकिन उन्हें बचाने का प्रयास करने की बजाय वे वीडियो बनाते रहे। वीडियो में फायरिंग की भी आवाज सुनाई दे रही है।

महाब गांव से पुलिस चौकी तक लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाते रहे सुबोध कुमार
स्याना के गांव महाब में गोकशी की घटना के बाद मचे बवाल से लेकर चिंगरावठी चौकी पर हुए उपद्रव तक इंस्पेक्टर सुबोध कुमार लगातार स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे। कई बार उनके और उपद्रवियों के बीच नोंक-झोंक भी हुई। जानकारी के मुताबिक, इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सुबह 10 बजे मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद पुलिस ने महाब गांव से गोवंश के अवशेष साथ ले जाने का प्रयास किया, मगर उग्र भीड़ ने ऐसा नहीं करने दिया और अवशेष ट्रैक्टर ट्रॉली में डालकर ले आए और चौकी पर पहुंचकर जाम लगा दिया। इस दौरान भी इंस्पेक्टर सुबोध कुमार लगातार उग्र लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे।

बजरंग दल जिला संयोजक योगेश राज अब तक गिरफ्तार नहीं
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या के मामले में स्याना कोतवाली में उपनिरीक्षक सुभाष सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इस केस में अब तक चार लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आनंद कुमार ने बताया कि सोमवार को हुई हिंसा के मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभी तक ये पता नहीं चला है कि वो किस संगठन से जुड़े हैं। पहले खबर आई थी कि बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज अरेस्ट किया जा चुका है, लेकिन एडीजी ने स्पष्ट किया कि उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं की जा सकी है।

इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को छोड़कर भाग गए थे सभी साथी पुलिसकर्मी
एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के सभी साथी पुलिसकर्मी उन्हें छोड़कर भाग गए थे। घटना के वक्त कोई साथी पुलिसकर्मी उनके साथ मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर को छोड़कर भागने के आरोपी पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली गई है।












Click it and Unblock the Notifications