बजट 2024: 'ठंडे मौसम में लोगों पर ठंडा पानी डाल दिया....', जानिए बजट पर किसने दिया ये बयान?
Aaj ka budget: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट पेश कर दिया है और पीएम मोदी ने इसे देश के भविष्य के निर्माण का बजट बताया है।
वहीं, बजट को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। उद्धव ठाकरे के गुट वाली शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा है कि इस बजट में ना युवाओं के लिए कुछ है और ना ही गरीबों के लिए।

बजट के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'हम पिछले 10 साल से देखते हुए आ रहे हैं, लेकिन कहने में और करने में जमीन आसमान का अंतर है। 2014 में चुनाव प्रचार के दौरान जो लंबे-चौड़े वादे किए गए थे, वो आज तक पूरे नहीं हुए। ज्ञान की एक नई परिभाषा मिली, लेकिन इस बजट में गरीबों के लिए क्या आया है? युवाओं के लिए क्या आया है? नारी शक्ति के लिए क्या आया?'
'जनता को ठेंगा दिखा दिया'
प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे कहा, 'बजट में किसी के लिए कुछ नहीं है। सिर्फ उन्हें ठेंगा दिखा दिया गया है। मैं तो कहती हूं कि इस बजट के जरिए केंद्र सरकार ने ठंडे मौसम में आम जनता की उम्मीदों पर ठंडा पानी डाल दिया है। इस बजट पर अब देश की जनता ही फैसला करेगी।'

लखपति दीदी योजना का लक्ष्य अब 3 करोड़
आपको बता दें कि अंतरिम बजट में सरकार की तरफ से कोई बड़ा ऐलान नहीं किया गया है। इसके अलावा आयकर छूट में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि महिलाओं को लेकर एक बड़ा ऐलान करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि लखपति दीदी योजना के लक्ष्य को बढ़ाकर अब 2 करोड़ से 3 करोड़ कर दिया गया है।
'युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिविंब'
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'इस बजट में युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिविंब है। बजट के भीतर दो महत्वपूर्ण निर्णय किए गए। अनुसंधान और नवाचार के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का फंड रखा गया है। बजट में स्टार्टअप को मिलने वाली टैक्स छूट का भी ऐलान किया गया है।'












Click it and Unblock the Notifications