पीएम मोदी ने बजट को बताया नई ताकत देने वाला, वित्तमंत्री की टीम को भी दी बधाई
Budget 2024: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आज पहला बजट पेश किया। वहीं, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट पेश करने वाली वित्तमंत्री की पूरी टीम को बधाई दी। पीएम मोदी ने इस बजट को अवसर वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग को नई ताकत देने वाला है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, देश को विकास की नई ऊंचाइ पर ले जाने वाले इस महत्वपूर्ण बजट के लिए मैं देशवासियों को बधाई देता हूं। यह बजट समाज के हर वर्ग को शक्ति देने वाला है, यह देश के गांव, गरीब, किसान को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला है। कहा कि बजट से स्टार्टअप के लिए नए दरवाजे खुलेंगे।

इतना ही नहीं,पीएम ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी। युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिलेंगे। कृषि में मदद से देश मजबूत होगा। बजट रोजगार के नए अवसर लेकर आया है। यह बजट समाज के हर वर्ग को मजबूत करता है। पीएम मोदी ने कहा कि यह देश के गरीब, गांव और किसान को समृद्धि के रास्ते पर ले जाता है।
पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। यह नए मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण की निरंतरता का बजट है। इस बजट से शिक्षा और स्किल को नई ऊंचाइ मिलेगी, यह मध्यम वर्ग को नई ताकत देने वाला बजट है। यह जनजातीय समाज, पिछड़ों को सशक्त करने की मजबूत योजना के साथ आया है। इस बजट से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस बजट में छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों की प्रगति का नया रास्ता मिलेगा। बजट में उत्पादन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी बल है, इससे आर्थिक विकास को नई गति और निरंतरता मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार के लिए अभूतपूर्व अवसर बढ़ाना हमारी सरकार की पहचान रही है, आज का बजट इसे और सुदृढ़ करता है।
इस बजट में सरकार ने रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन स्कीम की घोषणा की है, इससे देश में करोड़ो नए रोजगार बनेंगे, इससे जीवन में पहली नौकरी पाने वाली युवा की पहली तन्ख्वाह हमारी सरकार देगी। कौशल विकास और उच्च शिक्षा के लिए मदद हो या फिर 1 करोड़ नौजवानों को इंटर्नशिप योजना से गांव, गरीब के नौजवान देश की टॉप कंपनियों में काम करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications