Budget 2024: वित्त मंत्री बोलीं- 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला, 2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र
Union budget 2024, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अंतरिम बजट पेश कर रही हैं। इस बजट में तीन-महीने तक खर्च होने वाली राशि का लेखा-जोखा है। पूर्ण बजट आम चुनाव के बाद जुलाई में आएगा।
बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, उनकी सरकार भविष्य को देखते हुए बजट पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ, सबका विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

वित्त मंत्री ने आगे कहा कि, मोदी सरकार ने देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। हर घर जल, सभी के बिजली, गैस, वित्तीय सेवाएं और बैंक अकाउंट खोलने के लिए काम किया है। खाद्यान्न की चिंताओं को दूर किया है। 80 करोड़ लोगों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया है। मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आय बढ़ी है।
वित्त मंत्री ने कहा कि, 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। हम लोगों को सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं। हमने भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को खत्म किया है। गरीब, महिलाएं, युवा और अन्नदाता के लिए हमारी सरकार सबसे ज्यादा ध्यान दे रही है। उनका जीवन अच्छा बनाने के लिए सरकार पूरी कोशिश कर रही है। गरीब कल्याण देश का कल्याण। हम गरीबों के लिए काफी काम कर रहे हैं।
निर्मला सीतारमण ने बताया कि, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से 34 लाख रुपये जनधन अकाउंट से दिया गया है। 2.34 लाख करोड़ रुपये इससे बचे हैं। यानी गलत जगह रुपये नहीं गए। पीएम फसल बीमा योजना के जरिए 4 करोड़ किसानों को इसका लाभ दिया गया है। केंद्र सरकार किसानों के लिए काफी काम कर रही है। 2014 से पहले बड़ी चुनौतियां थीं।
वित्तमंत्री ने बताया कि, पिछले 10 साल में केंद्र सरकार ने 3 हजार नई आईटीआई, 7 IIT, 16 IIIT, 7 IIM, 15 AIIMS और 390 विश्वविद्यालय स्थापित किए हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं के जरिए काफी बदलाव आया है। उन्होंने आगे कहा कि, एक तिहाई महिलाओं को आरक्षण दिया गया है। देश की अर्थव्यवस्था अच्छा कर रही है। देश की जनता अच्छा कमा रही है। समय पर योजनाओं का कार्यान्वयन हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications