पाकिस्तान को BSF ने दिया करारा जवाब, ध्वस्त कर दीं 14 पोस्ट, PAK की फायरिंग में 8 नागरिकों की मौत
मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से हुई फायरिंग में तीन महिलाओं समेत आठ आम नागरिक मारे गए हैं। घायल 18 लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्रीनगर। सीमा पर पाकिस्तान की ओर से जारी सीजफायर के उल्लंघन का करारा जवाब देते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पाकिस्तान रेंजर्स की 14 पोस्ट को ध्वस्त कर दिया है। पाकिस्तान की ओर से की जा रही फायरिंग में मंगलवार को आठ नागरिकों की मौत हुई है जबकि 18 लोग घायल हुए हैं।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएसएफ ने पाकिस्तान की ओर से हो रही फायरिंग का करारा जवाब दिया और इस दौरान रामगढ़ और अर्निया सेक्टर से सटी सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की 14 पोस्ट पूरी तरह ध्वस्त कर दीं। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में पाकिस्तान के दो सैनिक भी मारे गए हैं।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया
मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से हुई फायरिंग में तीन महिलाओं समेत आठ आम नागरिक मारे गए हैं। घायल 18 लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीमा पर पाकिस्तान ने बरसाईं गोलियां
बता दें कि मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे से ही बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से फायरिंग हो रही है। जिसका मुंहतोड़ जवाब बीएसएफ के जवानों ने भी दिया। जम्मू-कश्मीर के रामगढ़, नौसेरा, सांबा समेत कई जगहों पर पाकिस्तान की ओर से सीमा पर लगातार गोलियां बरसाई जा रही हैं।
लगातार जवाब दे रही है भारतीय सेना
भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान को लगातार सीजफायर पर करारा जवाब दिया है लेकिन सीमा पार से फायरिंग थम नहीं रही। वहीं जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सीमा के पास का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें आतंकी सीमा पर घुसपैठ की कोशिश करते दिख रहे हैं।

पाकिस्तान ने डिप्टी हाई कमिश्नर को किया तलब
सीजफायर उल्लंघन के मामले में पाकिस्तान ने भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर जेपी सिंह को तलब किया है। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय पहुंचे सिंह ने पाकिस्तान की ओर से की जा रही फायरिंग पर नाराजगी जताई है।
सरकार ने दिए 174 स्कूल बंद करने के आदेश
जम्मू-कश्मीर सरकार ने सीमा से सटे स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। एलओसी के पास करीब 174 स्कूल हैं, जिनमें फिलहाल सरकार ने सीमा पार से हो रही फायरिंग के चलते एहतियातन छुट्टी घोषित की है।












Click it and Unblock the Notifications