बीजेपी में शामिल होना चाह रहे हैं कांग्रेस-JDS के कई विधायक: येदुरप्पा
बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बी. एस. येदुरप्पा ने शनिवार को यह दावा किया कि सत्ताधारी कांग्रेस और जेडीएस के कई असंतुष्ट नेता उनकी पार्टी में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं। येदुरप्पा का बयान ऐसे समय आया है जब मंत्री पद नहीं मिलने से नाखुश कांग्रेस के कई विधायक बागी होते दिख रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मजबूत विपक्ष के रूप में काम करें और 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी करें।

कर्नाटक कांग्रेस के विधायकों ने अगामी मंगलवार को एक बैठक बुलाई
येदुरप्पा ने कहा कि, जेडीएस और कांग्रेस से असंतुष्ट लोगों को शामिल करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 104 सदस्यों के साथ पार्टी के पास पूरी ताकत है और हमें मजबूत विपक्ष के तौर पर काम करना चाहिए। सत्ता की आकांक्षा पाले बगैर हम सभी 104 सदस्यों को अपने अच्छे कार्यों से सफल विपक्ष के तौर पर काम करना चाहिए। वहीं इस मुद्दे पर कर्नाटक कांग्रेस के कुछ नेताओं और विधायकों ने अगामी मंगलवार को एक बैठक बुलाई है।

मैं उनकी भावनाओं को हाईकमान तक ले जाऊंगा
इसी बीच कांग्रेसी नेता एच.के. पाटिल ने इस मामले में बोलते हुए कहा कि, हमारे कार्यकर्ता खुश नहीं हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। इस स्थिति में आप कैसे खुश रह सकते हो? आज, कल और परसों जो विधायक मुझसे मिले हैं, मैं उनकी भावनाओं को हाईकमान तक ले जाऊंगा। जेडीएस सूत्रों ने बताया कि जीटी देवगौड़ा और सीएस पुत्ताराजू सौंपे गए विभाग को लेकर नाखुश हैं। जीटी देवगौड़ा को उच्च शिक्षा और पुत्ताराजू को लघु सिंचाई विभाग दिया गया है।

मीडिया में ही इस तरह के असंतोष की खबरें हैं गठबंधन में सब ठीक है
इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि उन्हें केवल मीडिया में ही इस तरह के असंतोष की खबरें दिखी हैं और निजी तौर पर किसी ने भी असंतोष जाहिर नहीं किया है। गौरतलब है कि कैबिनेट विस्तार से ठीक पहले कांग्रेस के विधायकों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया था। कैबिनेट में शामिल करने को लेकर विधायक सतीश जारकीहोली के साथ उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।












Click it and Unblock the Notifications