'अखिलेश यादव सच्चाई जानते हैं, हम बचपन से...', WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह ने किस बात पर कहा ऐसा?
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 2 FIR दर्ज की है।

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार 30 अप्रैल को पहलवानों के विरोध प्रदर्शन पर कई बातों का खुलासा किया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन में विपक्ष के तमाम नेता पहुंचे हैं लेकिन समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अब तक नहीं गए हैं। अखिलेश यादव ने पहलवानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन क्यों नहीं किया...? अब इस सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने जवाब दिया है।
बृजभूषण शरण सिंह बोले- अखिलेश यादव हमें बचपन से जानते हैं
जब पत्रकारों ने डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह से पूछा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जंतर-मंतर पर विरोध करने वाले पहलवानों के पास अब तक नहीं गए हैं...? तो बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ''अखिलेश यादव सच्चाई जानते हैं। हम बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं। उत्तर प्रदेश में 80 प्रतिशथ पहलवान समाजवादी पार्टी की विचारधारा वाले परिवारों से हैं। वे मुझे 'नेताजी' कहते हैं। वे जानते हैं कि उनके नेताजी कैसे हैं।"
बृजभूषण शरण सिंह बोले- विरोध करने वाले एक ही अखाड़े के...
WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ''आज एक ही परिवार और "एक ही अखाड़ा" के लोग उनके खिलाफ आरोप लगा रहे हैं। हरियाणा के 90 फीसदी एथलीट और अभिभावक भारतीय कुश्ती महासंघ पर भरोसा करते हैं। कुछ परिवार और लड़कियां जिन्होंने आरोप लगाए हैं, वे एक ही 'अखाड़े' से संबंधित हैं और उसके संरक्षक दीपेंद्र हुड्डा हैं।''
'जंतर मंतर से न्याय नहीं मिलेगा...'
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ''महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न की "फर्जी" शिकायतों से उनकी छवि खराब हो रही है। आपको जंतर मंतर से न्याय नहीं मिलता है। अगर आप न्याय चाहते हैं, तो आपको पुलिस, अदालत के पास जाना होगा। उन्होंने अब तक ऐसा कभी नहीं किया। अदालत जो भी फैसला करेगी हम उसे स्वीकार करेंगे।''
कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा और आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल सहित शीर्ष विपक्षी नेताओं ने एकजुटता व्यक्त करने के लिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी पहलवानों से मुलाकात की है।
बृजभूषण शरण सिंह ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया के सवालों का भी जवाब दिया है..., जिसमें उन्होंने पूछा था कि आरोपी शिकायतकर्ताओं की पहचान कैसे जानते हैं। इसपर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ''सिर्फ मैं ही नहीं, पूरी दुनिया जानती है कि आरोप किसने लगाया।''












Click it and Unblock the Notifications