कोरोना की जंग में अब गुरमीत चौधरी का मिला साथ, खोला कोविड हॉस्पिटल, सोनू सूद ला रहे फ्रांस से ऑक्सीजन प्लांट
मुंबई, मई 11: देश की कोरोना से जंग अब और बड़ी हो गई है। संक्रमण की दूसरी लहर से हेल्थ सिस्टम पटरी से उतर चुका है। आलम यह है कि अस्पतालों में अभी भी मरीजों को न बेड मिल रही है और न ही ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। रोजाना सामने आ रहे कोरोना के नए 4 लाख से ज्यादा केस सरकारों की और चिंता बढ़ा रहे हैं। यहीं नहीं कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। इन हालातों को देखते हुए अब सोनू सूद के बाद टीवी के 'राम' यानी गुरमीत चौधरी भी कोरोना की जंग में साथ देने आगे आए हैं। सोनू सूद जहां फ्रांस से ऑक्सीजन प्लांट ला रहे हैं, वहीं गुरमीत चौधरी ने नागपुर में एक कोविड अस्पताल बनाया है।

नागपुर में खोला 'आस्था' कोविड अस्पताल
एक्टर गुरमीत चौधरी ने कोविड-19 मरीजों के लिए नागपुर में एक अस्पताल शुरू किया है। 'आस्था' कोविड अस्पताल डॉ. सैय्यद वजाहतली और उनकी टीम के सहयोग से स्थापित किया गया है। इसके साथ ही गुरमीत ने कहा कि वह चाहते हैं कि लोग किसी भी कोविड से संबंधित मदद के लिए उनके और उनकी टीम के पास पहुंचे। गुरमीत ने पहले कहा था कि वह लखनऊ और पटना में 1000 बेड के अस्पताल स्थापित करना चाहते हैं क्योंकि भारत कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहा है।

दूसरे शहरों में भी अस्पताल खोलने की तैयारी
वहीं अस्पताल के खुलने के बाद गुरमीत ने ट्वीट करके बताया कि मुझे डॉ. सैय्यद वजाहतली और टीम के सहयोग से नागपुर में एक मेकशिफ्ट कोविड केयर अस्पताल के शुभारंभ की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। कोरोना पीड़ितों के कल्याण के लिए 'अस्था' कोविड अस्पताल काम करेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वो देश के कई दूसरे शहरों में भी कोविड हॉस्पिटल खोलने की तैयारी में लगे हुए हैं।

फ्रांस से ऑक्सीजन प्लांट ला रहे सोनू सूद
कई भारतीय हस्तियां कोरोनो वायरस से लड़ने में लोगों की मदद करने के लिए आगे आ रही हैं। हाल ही में यह घोषणा की गई थी कि अभिनेता सोनू सूद देश भर की कई जगहों पर स्थापित करने के लिए फ्रांस से ऑक्सीजन प्लांट ला रहे हैं। सोनू सूद का दिल्ली और महाराष्ट्र सहित भारत के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्यों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का प्लान है। जानकारी के मुताबिक पहले प्लांट का ऑर्डर दे दिया गया है और यह फ्रांस से 10-12 दिनों में भारत आ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications