कोरोना वायरस के कहर के बीच जीशान अय्यूब ने मुसलमानों से की खास अपील- खतरा टलने तक नमाज.....
नई दिल्ली। भारत सहित दुनियाभर में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता जा रहा है। चीन से भी ज्यादा बुरी स्थिति ईरान और इटली जैसे देशों की बन गई है। वहीं भारत में मामले हर दिन बढ़ रहे हैं। एहतियात बरतते हुए देश के स्कूल और कॉलेज समेत सभी सार्वजनिक स्थानों को बंद कर दिया गया है। कोरोना वायरस को लेकर अब बॉलीवुड अभिनेता जीशान अय्यूब ने भी ट्वीट किया है। अपने इस ट्वीट में उन्होंने मुसलमानों से खास अपील की है।

जीशान ने ट्वीट कर कहा, 'सारे मुसलमानों से उम्मीद और अपील है कि कोरोना का खतरा टलने तक, नमाज घर पर ही पढ़ें। कोरोना से पूरे देश को मिल के लड़ना है। सभी धार्मिक स्थल वालों से भी यही विनती है।' एक अन्य ट्वीट में उन्होने कहा, 'जो लोग नमाज मस्जिद में ही अदा करने की जिद लिए बैठे हैं, मैं बस इतना कहूंगा कि अगर आपकी वजह से एक भी इंसान की जान गई तो 'खून' का इल्जाम लगेगा। जो शायद शिर्क के बाद सबसे बड़ा गुनाह है।'
सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखने वाले जीशान के ट्वीट पर लोग खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के 63 नए मामले सामने आने के बाद शुक्रवार की शाम को देश में इस संक्रमण के कुल मामले आईसीएमआर के अनुसार बढ़कर 236 हो गए हैं। शनिवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Central Health Ministry) ने बताया कि भारत में 258 मामलों की पुष्टि हुई है। जिनमें अभी तक 4 लोगों की जान जा चुकी है।
वहीं दुनिया की बात करें तो वायरस से दुनियाभर में अब तक 10 हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित मामलों की संख्या 2,44,500 का आंकड़ा पार कर चुकी है। महज चीन के बाहर ही 1,63000 हजार मामले सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दुनियाभर में कोरोना से करीब 35 फीसदी मरीज ठीक भी हुए हैं। इस बीच केंद्र और राज्य सरकारें लोगों से हर तरह की सावधानी बरतने को कह रही हैं। साथ ही लोगों को जागरुक करने के लिए भी हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications