बहन जान्हवी को लेकर अर्जुन ने खुलकर की बात, बोले वो भैया कहती है तो बहुत अजीब लगता है
नई दिल्ली, 12 जुलाई। फिल्म स्टार अर्जुन कपूर और जान्हवी कपूर के पिता एक हैं लेकिन दोनों की मां अलग-अलग हैं। अर्जुन और जान्हवी के पिता बोनी कपूर ने दो शादी की थी। पहली पत्नी से बोनी कपूर के दो बच्चे अर्जुन कपूर और अंशुल कपूर हैं जबकि दूसरी पत्नी श्रीदेवी से बोनी कपूर की दो बेटियां जान्हवी और खुशी हैं। जान्हवी के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए अर्जुन कहते हैं कि जब वो मुझे भैया बुलाती है तो मुझे काफी अजीब महसूस होता है। बता दें कि जान्हवी कपूर की मां श्रीदेवी का 2018 में निधन हो गया था।

अजीब लगता है कि जब वह भैया कहती है
क्लबहाउस सेशन के दौरान अर्जुन कपूर ने कहा कि ये थोड़ा धार्मिक भी लगता है, भाई अर्जुन। अर्जुन भैया मुझे अभी भी अजीब लगता है क्योंकि अंशुला मुझे बहुत ही अजीब ढंग से भाई बुलाती है। अर्जुन भइया मेरे लिए बिल्कुल नई चीज है। लिहाजा जब जान्हवी मुझे ये बुलाती है तो मुझे यह बहुत ही नया लगता है। अर्जुन ने बताया कि मैंने कभी भी जान्हवी से यह कभी नहीं कहा कि मुझे किसी खास नाम से बुलाओ, मेरे खयाल से वह अपने आप ही मुझे अर्जुन भैया बुलाती है। मैंने उसे कभी ये नहीं कहा कि मुझे ये बुलाओ या वो कहकर बुलाओ।

मोना शौरी कपूर के बेटे हैं अर्जुन
बता दें कि अर्जुन और अंशुला बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना शौरी कपूर के बच्चे हैं। हाल ही में बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने अपनी तीनों बहनों के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की थी। अर्जुन ने कहा कि अगर मैं कहूं कि हम परफेक्ट फैमिली हैं तो यह सही नहीं है। यह हमारे विचारों में मतभेद की बात नहीं है, हम अलग-अलग परिवार से हैं, जो एक साथ मिलकर रहने और एक दूसरे के साथ समन्वय बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हम जब साथ होते हैं तो अच्छा समय बिताते हैं, लेकिन हम अभी भी एक यूनिट नहीं हैं, मैं जबरदस्ती का सच लोगों के बीच नहीं फैलाना चाहता हूं कि सबकुछ अच्छा है। यह अच्छा नहीं हो सकता है, क्योंकि हम अभी भी एक दूसरे को समझ रहे हैं।

श्रीदेवी से शादी पर काफी नाराज हुए थे अर्जुन
रिपोर्ट की मानें तो जब बोनी कपूर ने पहली पत्नी और अर्जुन की मां मोना को तलाक देकर श्रीदेवी से शादी की थी तो सबसे ज्यादा नाराज अर्जुन कपूर ही हुए थे। यही नहीं एक इंटरव्यू में उन्होंने यह तक कहा था कि जान्हवी और खुशी उनकी बहन नहीं हैं, उनसे मेरा कोई रिश्ता नहीं है। हम एक दूसरे से ज्यादा मिलते नहीं, ज्यादा समय नहीं बिताते, हमारे लिए यह रिश्ता कोई मायने नहीं रखता है।

श्रीदेवी को मां नहीं मानते थे अर्जुन
अर्जुन श्रीदेवी को भी पसंद नहीं करते थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि श्रीदेवी सिर्फ मेरे पिता की पत्नी हैं। बोनी कपूर ने श्रीदेवी से 1996 में शादी की थी, इस बात से अर्जुन काफी नाराज थे। लेकिन 2018 में श्रीदेवी के निधन के बाद से अऱ्जुन ने दोनों बहन खुशी और जान्हवी को अपना लिया। उन्होंने कहा कि छोटी सी उम्र में दोनों की मां नहीं रही, उनके लिए यह बड़ा सदमा है, मैं भी इस दुख से गुजरा हूं जिसे मैं समझ सकता हूं। लिहाजा ऐसे समय में मुझे और अंशुला को उनके साथ आने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications