"इनके अनुसार लोकतंत्र खतरे में है", संसद में प्रदर्शन कर रहे विपक्ष की इस बड़ी गलती पर भाजपा ने ली चुटकी
Parliament Monsoon Session: बिहार चुनाव से राज्य भर में चुनाव आयोग के आदेश पर वोटर लिस्ट का गहन पुनरीक्षण (SIR) चल रहा है। जिसके खिलाफ विपक्षी पार्टियां विरोध-प्रदर्शन कर रही हैं। गुरुवार को संसद भवन के गेट पर इंडिया गठबंधन (INDIA ALLIANCE) में शामिल कांग्रेस पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों ने बिहार वोटर लिस्ट गहन पुनरीक्षण के विरोध में प्रदर्शन किया।
लेकिन विरोध-प्रदर्शन करते हुए विपक्षी पार्टियों ने ऐसी बड़ी गलती कर दी है, जिसके कारण उनकी जमकर किरकिरी हो गई। भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षी दलों पर इसे लेकर चुटकी लेते हुए तंज कसा है। जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला?

दरअसल, गुरुवार को विपक्षी पार्टियों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए बिहार वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को लोकतंत्र पर वार बताया। इस दौरान विपक्षी दलों के नेताओं ने जो हाथ में बैनर पकड़ा हुआ था उसमें लोकतंत्र शब्द ही गलत लिखा था। भले ही ये चूक है लेकिन भारतीय जनता पार्टी को विपक्षी दलों को विपक्ष को आड़े हाथों लेने का मौका मिल गया है।
भाजपा बोली- जिन्हें लोकतंत्र सही से लिखना तक नहीं आता है वो...
भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया है। जिसमें बैनर लिए विपक्षी दलों के नेताओं की फोटो शेयर की है। बैनर में लोकतंत्र गलत लिखे होने पर तंज कसते हुए भाजपा ने पोस्ट में लिखा, "जिन्हें लोकतंत्र सही से लिखना तक नहीं आता है वो लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने निकले हैं।"
"यह लोकतंत्र है, न कि लोतंत् र"
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी ये बैनर शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "यह लोकतंत्र है, न कि लोतंत् र। वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस को दोष नहीं दिया जा सकता। वे न तो लोकतंत्र को लिख सकते है और ना ही बचा सकते हैं। वे परिवार तंत्र और आपतकाल में विश्वास करते हैं निश्चित रूप से वे इसे लिख और बचा सकते हैं।"

सोनिया गांधी समेत विपक्ष के दिग्गज सांसद फोटो में आए नजर
संसद भवन के गेट पर बिहार वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का जिन सांसदों ने ये गलत लोकतंत्र लिखा हुआ बैनर हाथ में थाम कर प्रदर्शन किया उसमें कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, लोकसभा के विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई, शिवसेना यूटीबी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, संजय राउत, झारखंड मुक्ति मोर्चा सांसद महुआ माजी, राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा के अलावा विपक्ष के अन्य दिग्गज सांसद बैनर के पीछे खड़े नजर आए। जिन्होंने विरोध-प्रदर्शन करते हुए जमकर फोटो भी करवाई।
कांग्रेस पार्टी पहले भी कर चुकी है बैनर में बड़ी गलतियां
कांग्रेस पार्टी का ऐसी गलतियां पहले भी कर चुकी है। पिछले वर्षों में कई बार-विशेषकर बैनर या पोस्टर में बड़ी गलतियां देखने को मिली। सबसे प्रमुख दो उदाहरण बेलगावी का गलत मानचित्र और कठुआ का गलत नाम वाला बैनर हैं जो सार्वजनिक और मीडिया में चर्चा में रहे।
बेलगावी में गलत नक्शे वाला बैनर
दिसंबर 2024 में भाजपा ने ही खुलासा किया था कि कांग्रेस ने बेलगावी में CWC की बैठक के स्वागत बैनरों पर भारत का गलत मानचित्र दिखाया, जिसमें जम्मू-कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन नहीं थे। भाजपा ने इसे "देश की संप्रभुता के प्रति घोर अनादर" करार दिया
2021 में तो कांग्रेस ने बैनर में की थी ये बड़ी गलती
मार्च 2021 में कठुआ में कांग्रेस कमेटी द्वारा तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में लगाया गया बैनर गंभीर भूल से भरा हुआ था। बैनर पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को "सोनिया सोनी", राहुल गांधी को "अंबिका सोनी", और प्रियंका गांधी को "जीए मीर" लिखा गया था। इस पर भी कांग्रेस की जमकर किरकिरी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications