बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक खत्म, आजसू के साथ गठबंधन पर बनी सहमति
नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग जल्द ही आगामी लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक पार्टी कार्यालय में हुई। बताया जा रहा है कि इस बैठक आगामी लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों और रणनीति पर मंथन किया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी के साथ अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बीजेपी के महासचिव भूपेंद्र यादव बैठक के बाद मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि, भाजपा ने आम चुनाव के लिए झारखंड में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के साथ गठबंधन किया है। दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। दोनों पार्टियों के बीच हुए गठबंधन की जानकारी देते हुए भूपेंद्र यादव ने बताया कि, झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में भाजपा 13 पर चुनाव लड़ेगी जबकि सहयोगी पार्टी आजसू एक सीट पर लड़ेगी। सुदेश माहतो की पार्टी आजसू गिरिडीह सीट से चुनाव लड़ेगी।
इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी के एक नेता ने कहा कि बैठक में शीर्ष नेतृत्व विभिन्न मुद्दों पर मंथन करेगा ताकि आने वाले दिनों में पार्टी के एजेंडे को लेकर उसका प्रचार अभियान गति पकड़े। बता दें कि इन दिनों सत्ता और विपक्ष के बीच बालाकोट एयर स्ट्राइक को लेकर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति चल रही है।
बता दें कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी औऱ सीपीआई समेत कई राजनीतिक दल अपने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर रहे हैं। इस बीच बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवारों के नामों के तय करने के लिए शुक्रवार को बोर्ड की बैठक बुलाई थी।












Click it and Unblock the Notifications