भाजपा कार्यकारिणी में बिछायी जा रही शतरंजी बिसात
इलाहाबाद। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सम्मेलन शुरू हो चुका है। देश भर से भाजपा के हर छोटे-बड़े नेता प्रयाग नगरी में पहुंच चुके हैं। भगवा रंग में रम चुके इलाहाबाद में आज उत्तर प्रदेश समेत पांच विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार की गई। अलग-अलग चरणों में हुई बैठकों की तस्वीरें तो जारी की गईं, लेकिन अंदर बात क्या हुई, इसका खुलासा पार्टी ने नहीं किया।

अमित शाह के नेतृत्व में सभी बैठकें गोपनीय ढंग से आयोजित की गईं। यह सर्वविदित है कि बंद कमरों में यहां शतरंजी बिसात बिछायी जा रही है।
यूपी विधानसभा चुनाव पर चर्चा
भाजपा के नेता के अनुसार अमित शाह ने सभी कार्यकर्ताओं से एक जुट होकर यूपी की समाजवादी पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। चलिये जानते हैं अमित शाह ने कहा कि भाजपा की मुख्य धारा से जुड़े कार्यकर्ताओं से लेकर अंत्योदय इकाईयों तक के कार्यकर्ता केवल एक मकसद के साथ आगे बढ़ें। वो मकसद है, अगले चुनावों में पांच राज्यों पर कब्जा करना। इसके लिये कड़ी मेहनत करनी होगी। अमित शाह ने कहा कि तमाम विरोधी दल हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के सकारात्मक कार्यों को नकारात्मक दृष्टि से देख रहे हैं और देश में नकारात्मकता का माहौल पैदा कर रहे हें। उम्मीद है वे लोग अपने मनसूबों में कामयाब नहीं होंगे।
भाजपा सम्मेलन में दिखे जाति समीकरण
इस बैठक में जो सबसे खास रहा, वो यह कि भाजपा ने सभी वर्गों के नेताओं को बराबर से तवज्जो दी। यही कारण है कि डा. दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्या, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा समेत कई नेताओं को बराबर से स्थान दिया। यह तो तय है कि यूपी चुनाव के लिये भाजपा जाति समीकरणों का अध्ययन भी अच्छी तरीके से करेगी और कार्यकारिणी के मंच पर इसकी एक झलक दिखाई भी दी।
भाजपा कार्यकारिणी बैठक
जरूरी भी है, क्योंकि जातीय समीकरण का लाभ उठाकर ही समाजवादी पार्टी पिछले चुनाव में सत्ता पर काबिल हुई थी। और मजेदार बात यह है कि इस बार यही सपा भाजपा की कट्टर प्रतिद्वन्द्वी है।
आडवाणी का आशीर्वाद
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आरंभ में वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने अपने आशीर्वचन प्रदान किये। साथ ही आडवाणी ने कार्यकर्ताओं को एक जुट होकर काम करने की सलाह दी।
चारों तरफ अटल बिहारी वाजपेयी
इलाहाबाद का कोई इलाका नहीं है, जहां भाजपा का पोस्टर नहीं लगा हो और प्रत्येक पोस्टर में अटल जी की तस्वीर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का काम कर रही है। कार्यकारिणी के अंदर भी सभी बैक ड्रॉप और पोस्टर बैनरों पर अटल जी नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications