BJP उम्मीदवार माधवी लता ने मुस्लिम महिलाओं के साथ वोटिंग वाले दिन ऐसा क्या किया कि दर्ज हो गया केस?
BJP Madhavi Latha: लोकसभा चुनाव-2024 के चौथे चरण में हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र में वोटिंग जारी है। हैदराबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार माधवी लता और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच कड़ा मुकाबला है। इसी बीच माधवी लता के पोलिंग बूथ पर जाकर मुस्लिम महिलाओं का वोटर कार्ड चेक करने को लेकर विवाद हो रहा है।
पोलिंग बूथ पर माधवी लता मुस्लिम महिलाओं के चेहरे से बुर्का हटाकर उनका वोटर कार्ड और आधार कार्ड खुद चेक करते देखी गई हैं। इस विवाद के बढ़ने के बाद माधवी लता के खिलाफ मलकपेट पुलिस स्टेशन में आईपीसी और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

माधवी लता के खिलाफ चुनाव आयोग ने एक्शन लिया है। मामले पर हैदराबाद कलेक्टर ने कहा कि, माधवी लता के खिलाफ धारा 171सी, 186, 505(1)(सी) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 132 के तहत केस दर्ज किया गया है।
वीडियो में माधवी लता मुस्लिम महिलाओं के चेहरे से हटाते दिखीं बुर्का
माधवी लता का ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। ये वीडियो हैदराबाद के पुराने शहर के एक पोलिंग बूथ का बताया जा रहा है।
वीडियो में माधवी लता पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए बैठी महिलाओं के वोटर आईडी चेक कर रही हैं। इसी दौरान कुछ मुस्लिम महिलाओं का माधवी लता ने बुर्का हटवाकर उनका चेहरा देखा और आईडी से मिलाया।
पूरे मामले पर क्या बोलीं माधवी लता?
इस वीडियो पर माधवी लता ने कहा है कि, "मैं एक उम्मीदवार हूं। कानून के अनुसार उम्मीदवार को फेसमास्क के बिना आईडी कार्ड की जांच करने का अधिकार है। मैं एक पुरुष नहीं हूं, मैं एक महिला हूं और बहुत विनम्रता के साथ, मैंने उनसे केवल अनुरोध किया है - क्या मैं कृपया देख सकती हूं और आईडी कार्ड से मिलान करूं। अगर कोई इसे बड़ा मुद्दा बनाना चाहता है, तो इसका मतलब है कि वे डरे हुए हैं।"
सोशल मीडिया यूजर बोले- 'ये किस हक से चेकिंग कर रही हैं'
एक यूजर ने कहा ने कहा, ''हैदराबाद लोकसभा प्रत्याशी माधवी लता मुस्लिम महिलाओं का वोटर कार्ड और आधार कार्ड खुद चेक कर रही है। ये किस नियम के तहत उनकी चेकिंग कर रही है ये चुनाव आयोग बताएं। क्या चुनाव आयोग वेरिफिकेशन करने असमर्थ हो गया जो प्रत्याशी को ये काम दे दिया गया है?''
एक अन्य यूजर ने कहा, ''हैदराबाद से भाजपा प्रत्याशी माधवी लता मुस्लिम महिलाओं का हिजाब हटवाकर ID चैक कर रही है...। क्या ये काम प्रत्याशी का है? या चुनाव आयोग सो रहा है?''












Click it and Unblock the Notifications