एनएसजी से लेकर पाक तक यशवंत सिन्हा ने लगाई मोदी सरकार को फटकार
नई दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने केंद्र की मोदी सरकार को कई मुद्दों पर कड़ी फटकार लगाई है। यशवंत सिन्हा ने एनएसजी सदस्यतस से लेकर पाकिस्तान की नीति तक पर सरकार की आलोचना की और उस पर हमला बोला। आपको बता दें कि उनकी बेटे जयंत सिन्हा मोदी सरकार वित्त राज्य मंत्री हैं।

एनएसजी में गए तो बनेंगे 'लूजर'
यशवंत सिन्हा ने एनएसजी में भारत को जगह नहीं मिलने और पाकिस्तान नीति को लेकर मोदी सरकार की खिंचाई की है। उन्होंने कहा कि भारत को एनएसजी की सदस्यता नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को इसका सदस्य बनने के लिए प्रार्थना करने की कोई जरूरत नहीं है।
सिन्हा के मुताबिक अगर भारत को इसकी सदस्यता मिलती है तो हम 'लूजर' कहलाएंगे। उन्होंने बताया कि एनएसजी से भारत को कोई फायदा नहीं होगा बल्कि नुकसान ही होगा।
पाक पर नीति को लेकर हमला
यशवंत सिन्हा ने मोदी सरकार की पाकिस्तान नीति पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बड़े दुख से उन्हें कहना पड़ रहा है कि सरकार की पाकिस्तान नीति पूरी तरह से नाकाम रही है। अपने बयान के साथ उन्होंने शनिवार को श्रीनगर के पंपोर में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि शनिवार को जो आतंकी मारे गए हैं अगर वे पाक नागरिक हुए तो फिर दोनों देशों के बीच युद्ध का माहौल होगा। उनका मानना है कि सरकार में बैठे कुछ लोग मोदी सरकार को गुमराह कर रहे हैं।
खुद को बताया ब्रेन डेड
पार्टी में खुद की नजरअंदाजगी पर भी यशवंत सिन्हा ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए वे ब्रेन डेड हो चुके हैं और सरकार मानने लगी है कि वह किसी तरह का मार्गदर्शन देने की स्थिति में नहीं हैं।
आपको बता दें कि यशवंत सिन्हा पहले भी मोदी सरकार पर हमला बोल चुके हैं। सिन्हा को पार्टी में लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ मार्गदर्शक मंडल में रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications