दिल्ली के बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता की पत्नी ठक-ठक गैंग की बनीं शिकार, बदमाशों ने उड़ाया पर्स
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के विधायक विजेंद्र गुप्ता की पत्नी ठक-ठक गैंग का शिकार बनीं हैं। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे विजेंद्र गुप्ता की पत्नी अपने घर से किसी मीटिंग के लिए निकली थीं। कार में विजेंद्र गुप्ता की पत्नी शोभा, ड्राइवर और एक सहयोगी भी था। उसी वक्त स्कूटर पर सवार कुछ लोग आए और ध्यान भटकाकर गाड़ी से विजेंद्र गुप्ता की पत्नी का बैग लेकर फरार हो गए। ये घटना मंडी हाउस के पास की बताई जा रही है।

बदमाशों ने मौका देखकर शोभा के बैग पर हाथ साथ कर दिया
इस मामले में पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पहले बोला कि गाड़ी से लिक्विड जैसा कुछ गिर रहा है, जिसके बाद शोभा, ड्राइवर और अपने सहयोगी के साथ गाड़ी से बाहर निकलकर चेक करने लगीं। उस वक्त सभी का ध्यान गाड़ी पर था कि तभी बदमाशों ने मौका देखकर शोभा के बैग पर हाथ साथ कर दिया और देखते ही देखते वे मौके से फरार हो गए। शोभा ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मंडी हाउस के पास हुई घटना
इस मामले में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह संभवत: उनका काम है जो लोगों का ध्यान भटकाने के बाद उनका सामान लूट लेते हैं। उन्होंने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। बता दें कि दिल्ली में इस तरह की पहले ही कई घटनाएं हो चुकी हैं। कांग्रेस नेता अमृता धवन भी ठक-ठक गैंग का शिकार हो चुकी हैं। उस वक्त बदमाश अमृता का बैग लेकर फरार हो गए थे।

कांग्रेस नेता अमृता धवन भी हुई थीं ठगी का शिकार
दिल्ली की सड़कों पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले ठक-ठक गैंग ने पूर्व क्रिकेटर मनोज प्रभाकर की पत्नी को भी शिकार बनाया था। इसी साल जनवरी के महीने में मनोज प्रभाकर की पत्नी फरहीन प्रभाकर ने एक ट्रैफिक सिग्नल पर जैसे की अपनी कार रोकी, चार बदमाश मौके पर आ गए और उनपर हमला बोल दिया, उन्होंने फरहीन का ध्यान भटकाया और मोबाइल के साथ-साथ पर्स लेकर फरार हो गए।












Click it and Unblock the Notifications