करारी हार के बावजूद बोले कपिल मिश्रा, ये गलतफहमी मत पालिए कि हम अपनी सोच बदल लेंगे
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर से धमाकेदार जीत दर्ज की है, 70 में से 62 सीटें अपने नाम करके आम आदमी पार्टी ने सफलता का एक नया इतिहास लिख दिया है तो वहीं लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सभी 7 सीटों को अपने नाम करने वाली बीजेपी को विधानसभा चुनावों में मात्र 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा है लेकिन चारों ओर आलोचनाओं में घिरे बीजेपी नेताओं के तेवरों में इस करारी हार के बाद भी कोई कमी नहीं आई है।
हिंदुओ को ताना मारना गलत-कपिल मिश्रा
11 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला बताने वाले कपिल मिश्रा ने बुधवार को ट्वीट किया है कि कुछ लोग दिल्ली वालों को या हिंदुओ को ताना मार रहे हैं, ये गलत हैं, हम में जरूर कोई कमी रह गयी होगी जनता तक अपनी बात पहुंचाने में, 42% वोट कम नहीं होते, एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी हैं ये. 42% वोट हमारे मुद्दों और विचारों पर हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है।
'सीएए या शाहीन बाग पर नहीं बदलेगी हमारी सोच'
हालांकि इससे ठीक पहले भी कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि मैंने जो कहा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोधियों के बारे में या शाहीन बाग के बारे में, उस पर आज भी कायम हूं, डंके की चोट पर. चुनाव परिणाम आज प्रतिकूल आया हैं, कल अनुकूल भी आएगा, और मेहनत करेंगे लेकिन इस परिणाम से सीएए या शाहीन बाग पर सोच बदल लेंगे, ये गलतफहमी मत पालिए।

खुद अपनी ही सीट नहीं बचा पाए कपिल मिश्रा
गौरतलब है कि आप पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कपिल मिश्रा, खुद मॉडल टाउन से अपनी सीट हार गए, उन्हें आप पार्टी के नेता अखिलेशपति त्रिपाठी ने पराजित किया, चुनावी नतीजे घोषित होने से पहले ही कपिल मिश्रा ने अपनी हार स्वीकारते हुए कहा था कि मैं आम आदमी पार्टी (आप) और अरविंद केजरीवाल को बधाई देता हूं, मुझे लगता है कि आज जीतने वालों का दिन है।
'जनता की कोई अपेक्षा है जिसे हम पूरी नहीं कर पा रहे हैं'
भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने रात-दिन कड़ी मेहनत की है, पूरे जोश और उत्साह के साथ दिल्ली में काम किया है, दिल्ली के घर-घर तक पहुंचे हैं, मोदी और अमित शाह के संदेश को पहुंचाया है, लेकिन लगता है कि जनता की कोई अपेक्षा है जिसे हम पूरी नहीं कर पा रहे हैं, कहीं न कहीं कोई जनता के बीच कनेक्ट होना चाहिए, जो हम लोगों से नहीं हो पाया, आने वाले दिनों में हम समीक्षा करेंगे लेकिन हमें दिल्ली के जनता के पास वापस जाने की जरूरत है हम एक मजबूत विपक्ष होंगे। आप और अरविंद केजरीवाल को बधाई।

कपिल मिश्रा को आप पार्टी के नेता अखिलेशपति त्रिपाठी ने हराया
गौरतलब है अरविंद केजरीवाल पर तीखे आरोप लगाने वाले कपिल मिश्रा को हराने वाले अखिलेशपति त्रिपाठी ने कहा कि 'आप' की जीत से पूरे देश में यह संदेश जाएगा कि सिर्फ विकास की राजनीति की जीत होगी,वे दिन चले गए जब कुछ लोग ये सोचते थे कि चुनाव से पहले मतदाताओं को उकसा कर जीता जा सकता है, जो काम करेगा, जनता उसी का साथ देगी, केवल मंच पर चिल्लाने से कोई जनता का साथी नहीं बन जाता।












Click it and Unblock the Notifications