दीपिका पादुकोण पर BJP नेता का विवादित बयान, कहा- JNU जाने के बजाय मुंबई में डांस करना चाहिए
नई दिल्ली। जेएनयू हिंसा मामले में बॉलीवुड ने भी बढ़ चढ़ कर छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन किया। जेएनयू कैंपस में हुई हिंसा के बाद वहां छात्रों के प्रदर्शन में एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के शामिल होने के बाद से विवाद शुरू हो गया। उनकी आने वाली फिल्म छपाक का बायकॉट शुरू किया जाने लगा। दीपिका के जेएनयू जाने पर दो गुट बन गए । एक जो इसके समर्थन में है तो दूसरा जो इसका विरोध कर रहा है। ये विवाद लगातार बढ़ता ही जा रही है। इस विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता गोपाल भार्गव ने दीपिका पादुकोण को लेकर विवादित बयान दिया है।

मध्य प्रदेश बीजेपी के नेता गोपाल भार्गव ने दीपिका पादुकोण का बिना नाम लिए कहा कि हीरोइन को मुंबई में डांस करना चाहिए। वो जेएनयू क्यों गई। उन्होंने कहा कि मुझे यह समझ नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की भरमार होती जा रही है तो जो एक्टिविस्ट हैं, आर्टिस्ट कहे जाते हैं। आपको बता दें कि जहां अधिकांश बीजेपी नेता दीपिका के जेएनयू छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने का विरोध कर रहे हैं तो वहीं कुछ नेता उनका साथ दे रहे हैं। गायक और सांसद हंसराज हंस और दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने दीपिका का बचाव किया है। जहां दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि हिंसा का विरोध किया जाना चाहिए और दीपिका का जाना हिंसा के विरुद्ध ही था। जहां कुछ समर्थन कर रहे हैं तो वहीं बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने बुधवार को दीपिका को 'टुकड़े-टुकड़े गैंग ' का हिस्सा बता दिया।
गौरतलब है कि बीते रविवार को जेएनयू कैंपस में नकाबपोश लोगों ने हॉस्टल में घुसकर छात्रों और शिक्षकों पर हमला किया और तोड़फोड़ मचाई। इस हिंसा में कई छात्र घायल हो गए। इस हमले को लेकर लेफ्ट और एबीवीपी संगठनों ने एक दूसरे पर हमला का आरोप लगाया। इसी दौरान जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष आइशी घोष के नेतृत्व में एक विरोध प्रदर्शन में दीपिका शामिल हुईं। हालांकि दीपिका वहां कुछ नहीं बोली और 10 मिनट रुकने के बाद वहां से निकल गई, लेकिन दीपिका के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ दिया। बीजेपी के समर्थकों ने फौरन उनकी फिल्म और उनका विरोध करना शुरू कर दिया। इसके बाद दूसरा खेमा उनके समर्थन में खड़ा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications