क्या ओवैसी BJP की B-टीम हैं? हैदराबाद उम्मीदवार माधवी लता ने बताई अंदर की बात, कहा-'मेरे आने के बाद...'
Madhavi Latha: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की हैदराबाद से लोकसभा उम्मीदवार माधवी लता इन दिनों अपने बेबाक अंदाज को लेकर खबरों में बनी हुई हैं। अब माधवी लता ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को भाजपा की B-टीम बताए जाने को लेकर बयान दिया है।
विपक्षी गठबंधन असदुद्दीन ओवैसी को हमेशा से भाजपा की B-टीम कहती आई है। अब इस पूरे मामले पर पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही माधवी लता ने कहा है कि भाजपा ने जब उनको हैदराबाद का उम्मीदवार बनाया है, तब से लोगों का ये भ्रम दूर हो गया है।

माधवी लता बोलीं- ओवैसी भाजपा की B-टीम कभी नहीं हो सकते
पत्रकार बरखा दत्त को दिए इंटरव्यू में माधवी लता ने बताया कि AIMIM किसकी बी टीम है। माधवी लता ने कहा, ''...देखिए, मेरे आने के बाद किसी के मन में इस बात का शक नहीं होना चाहिए... कि AIMIM भाजपा की B-टीम है या नहीं। मेरा आना ही इस बात का साफ संदेश है कि ओवैसी भाजपा की बी-टीम नहीं है। ओवैसी भाजपा की B-टीम कभी नहीं हो सकते हैं।''
माधवी लता ने कांग्रेस पर AIMIM के तालमेल पर सवाल उठाते हुए कहा, '' जब तक कांग्रेस तेलंगाना में सत्ता में नहीं थी तो उनकी AIMIM के साथ नहीं बन रही थी...दोनों एक-दूसरे के खिलाफ लगातार हमलावर थे। लेकिन जब से कांग्रेस तेलंगाना में सत्ता में आई है, तब से AIMIM के साथ इतनी नजदीकियां क्यों बढ़ रही है।''
माधवी लता ने पूछा- कांग्रेस और ओवैसी, अचानक भाई-भाई कैसे बन गए?
उन्होंने आगे कहा, ''मैं कांग्रेस और ओवैसी से पूछना चाहती हूं कि...अचानक दोनों के विचार कैसे बदल गए ...अचानक समर्थन करने की बात कहां से आ गई...। अचानक कैसे दोनों 'हम भाई-भाई हैं...' का राग अलापने लगे। उन्होंने हैदराबाद से एक डमी कैंडिडेट खड़ा किया है। मुझे समझ में नहीं आता है कि ये किस तरह की राजनीति है।''
माधवी लता ने आगे कहा कि, ''अब लोगों को भी समझ में आ रहा है कि...कौन किसका बी-टीम है।'' माधवी लता ने यह भी कहा कि, वह राजनीति में अभी नई-नई हैं...इसलिए वो अभी सीख रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications