बिहार में बढ़ती गर्मी के बीच जलापूर्ति व्यवस्था पर सरकार अलर्ट, हर घर तक पानी पहुंचाने के निर्देश
बिहार के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बक्सर, भभुआ (कैमूर) और सासाराम (रोहतास) में हर घर नल जल योजना की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। सत्रों में परियोजना की प्रगति, जल आपूर्ति की गुणवत्ता और समय पर मुद्दों के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें साइट विज़िट, एमआईएस अपलोड और देरी के लिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बिहार में तापमान बढ़ने के साथ ही पेयजल आपूर्ति को लेकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सक्रिय हो गया है। राज्य सरकार ने "हर घर नल का जल" योजना के प्रभावी संचालन और आम लोगों को निर्बाध शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की।

विशेष सचिव संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बक्सर, भभुआ (कैमूर) और सासाराम (रोहतास) प्रमंडलों में चल रही योजनाओं की प्रगति, मौजूदा जलापूर्ति स्थिति और प्राप्त शिकायतों के निपटारे की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करें, योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करें और जलापूर्ति की गुणवत्ता व निरंतरता बनाए रखें।
मुख्यालय से प्रतिनियुक्त प्रमंडलों में तैनात सहायक अभियंताओं को लंबित योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने, स्थल निरीक्षण करने और संबंधित कार्यों की तस्वीरें एमआईएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए। इससे योजनाओं की पारदर्शी और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा सीजीआरसी में लंबित शिकायतों की गहन जांच कर उनकी अद्यतन रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि शिकायतों के निष्पादन की लगातार समीक्षा हो सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि जलापूर्ति योजनाएं तय समय सीमा में पूरी नहीं होती हैं या संवेदकों की लापरवाही से जल व्यवस्था प्रभावित होती है, तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग ने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने का निर्देश दिया है। साथ ही भू-जल स्तर की लगातार निगरानी करने और संभावित जल संकट की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications