प्रियंका गांधी पर बिहार के मंत्री का विवादित बयान, कहा- सुंदर चेहरे पर वोट नहीं मिलते
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी पर बड़ा दांव चला है। पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया है और उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा ने प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर विवादित बयान देते हुए कहा है कि खूबसूरत चेहरों के आधार पर वोट नहीं मिलते हैं।

'प्रियंका गांधी रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं जिनपर भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं'
बिहार बीजेपी नेता और नीतीश सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि सुंदर चेहरे पर वोट नहीं मिलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं जिनपर भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं। वे बहुत सुंदर हैं लेकिन राजनीति में उन्होंने कुछ हासिल नहीं किया है और उनकी कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी अभी नौसिखुआ हैं।

लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भी दिया था बयान
इसके पहले, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन का भी बयान आया था। सुमित्रा महाजन ने कहा था कि प्रियंका अच्छी महिला हैं, राहुल जी ने यह स्वीकार कर लिया है कि वह अकेले राजनीति नहीं कर सकते हैं, लिहाजा उन्होंने प्रियंका गांधी की मदद ली है। यह अच्छी बात है। इस बयान पर कांग्रेस की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रियाएं आई थीं।

सुमित्रा महाजन के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
मनीष तिवारी ने कहा था कि राजनीति में सबसे ज्यादा अहम होता है लोकप्रियता और प्रियंका गांधी की लोगों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता है। ऐसे में भाजपा की चिंता को और डर को समझा जा सकता है। सुमित्रा महाजन के बयान पर पलटवार करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अपने यह बयान उस वक्त के लिए बचाकर रखिए जब आप स्पीकर के पद पर नहीं होंगी। आप लोकसभा स्पीकर हैं, क्या आप अपने इस तरह के बयान को तबतक के लिए बचाकर नहीं रख सकती हैं जब आप इस पद पर ना हो।

राहुल ने कहा था- कांग्रेस फ्रंटफुट पर खेलेगी
कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी की कमान सौंपी है। यूपी के इसी इलाके में पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी है, जिसको लेकर काफी गहमागहमी दिखाई दे रही है। प्रियंका की एंट्री के बाद पार्टी के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। जानकारी के मुताबिक, फरवरी के पहले हफ्ते से वे अपना पदभार संभाल सकती हैं। फिलहाल प्रियंका गांधी विदेश में हैं और भारत वापसी के साथ ही राहुल गांधी के संग वे रैलियां भी करेंगी। प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया आई थी। उन्होंने कहा कि, प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया शक्तिशाली नेता हैं। हम चाहते थे कि युवा नेता उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलें। हम इस लोकसभा चुनाव में बैकफुट नहीं फ्रंटफुट पर खेलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications