बिहार: करमचट डैम पर शुरू हुई राज्य की पहली लग्जरी हाउसबोट सेवा, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

रोहतास जिले में ऐतिहासिक कर्मचत बांध पर बिहार का पहला लग्जरी हाउसबोट क्रूज शुरू हुआ है, जो 90 मिनट से 1.5 घंटे का अनुभव प्रदान करता है जिसमें सनसेट डेक, सुंदर दृश्य और फैमिली पैकेज शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य जल पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय नौकरियां पैदा करना और दुर्गा वती जलाशय के आसपास संबंधित व्यवसायों को मजबूत करना है।

पटना: बिहार के पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में रोहतास जिले के ऐतिहासिक करमचट डैम (दुर्गावती जलाशय) पर राज्य की पहली लग्जरी हाउसबोट क्रूज सेवा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल से पर्यटकों को अब जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता के बीच क्रूज राइड का अनुभव मिल सकेगा। हरियाली और पहाड़ियों से घिरे इस जलाशय को लोग 'बिहार का डल झील' भी कहते हैं। बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में वाटर टूरिज्म को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करना है।

Luxury Houseboat Cruise at Karmchat Dam Rohtas

करमचट डैम पर शुरू की गई हाउसबोट सेवा में पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें शानदार वुडन फ्लोरिंग और ओपन-एयर सनसेट डेक बनाया गया है। पर्यटक शाम के समय हाई-टी और रिफ्रेशमेंट्स के साथ करीब डेढ़ घंटे की क्रूज राइड का आनंद ले सकेंगे। इस दौरान उन्हें दुर्गावती जलाशय के खूबसूरत नजारों को करीब से देखने और शांत वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलेगा। परिवार और प्रियजनों के साथ आने वाले पर्यटकों के लिए स्पेशल फैमिली पैकेज की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

पहाड़ियों, हरियाली और झरनों का मिलेगा नजारा

करमचट डैम का आसपास का क्षेत्र पहाड़ियों, हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां पर्यटक विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को भी देख सकेंगे। झरनों का भ्रमण मौसम, सुरक्षा और निर्धारित पर्यटन मार्गों के अनुसार कराया जाएगा। इस नई सुविधा से पर्यटक प्राकृतिक नजारों के बीच सुकून भरे समय के साथ वाटर टूरिज्म का नया अनुभव ले सकेंगे।

स्थानीय लोगों ने बताया पर्यटन और रोजगार के लिए अहम पहल

हाउसबोट सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों में उत्साह है। रोहतास निवासी प्रिंस सिंह राजपूत का कहना है कि करमचट डैम पहले से ही अपनी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के लिए प्रसिद्ध है। हाउसबोट सेवा शुरू होने से इसका पर्यटकीय महत्व और बढ़ेगा। आधुनिक सुविधाओं के कारण पर्यटकों की यात्रा अधिक आरामदायक और यादगार हो सकेगी।

वहीं, सासाराम निवासी सौरभ दुबे ने कहा कि करमचट डैम चारों तरफ से पहाड़ियों से घिरा है और यहां पर्यटकों को 10 से 12 झरने देखने का अवसर मिलता है। उनके अनुसार, हाउसबोट सेवा शुरू होने से पर्यटक यहां रोमांच के साथ प्रकृति का आनंद ले सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

होटल, रेस्टोरेंट और परिवहन कारोबार को मिलेगा फायदा

हाउसबोट सेवा शुरू होने से करमचट डैम और आसपास के इलाकों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। हाउसबोट के संचालन से जुड़े प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कार्यों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकता है। इसके अलावा क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, गाइड, परिवहन और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबार को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इस तरह यह पहल न केवल बिहार में वाटर टूरिज्म को नई दिशा दे सकती है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी मददगार साबित हो सकती है। रोहतास की खूबसूरत वादियों और दुर्गावती जलाशय के बीच शुरू हुई यह हाउसबोट सेवा पर्यटकों को एक नया अनुभव देने के साथ क्षेत्र को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+