सड़क से सदन तक हमने की CBI जांच की मांग, 40 दिन बाद कुंभकर्णी नींद से जागी बिहार सरकार: तेजस्वी यादव
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। कोर्ट ने कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में पटना में दर्ज एफआईआर सही थी। महाराष्ट्र राज्य ने आदेश को चुनौती देने से इनकार किया है। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा है कि अब इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया गया है। कोर्ट के फैसले पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया आई है। उनका कहना है कि उन्होंने ही सबसे पहले इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी और बिहार सरकार तो 40 दिन बाद नींद से जागी है।

हम 30 जून से कर रहे सीबीआई जांच की मांग
तेजस्वी यादव ने ट्वीट करके कहा, 'सबसे पहले सुशांत केस में हमने सड़क से लेकर सदन तक सीबीआई जांच की मांग की थी और उसी का परिणाम था कि 40 दिनों से सोई बिहार सरकार को कुंभकर्णी नींद से जागना पड़ा था। आशा है एक तय समय सीमा के अंदर न्याय मिलेगा।' वहीं तेजस्वी यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'मैं सुप्रीम कोर्ट के सीबीआई के फैसले का स्वागत करता हूं। यह न्याय के लिए जीत है। 30 जून से हम लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। लेकिन बिहार सरकार 42 दिन बाद संज्ञान लेती है।'

'26 जून को सीएम को लिखी चिट्ठी'
उन्होंने आगे कहा, 'हमने 26 जून को सीएम को चिट्ठी भी लिखी थी, जिसमें हमने सीबीआई जांच और फिल्म सिटी का नाम सुशांत के नाम पर रखने की मांग की थी। अब तक इस पर बिहार सरकार ने कोई जबाव नहीं दिया।' वहीं बिहार के मंत्री संजय झा ने कहा, 'इसका मतलब है कि बिहार में जो एफआईआर दर्ज हुई थी, वो सही थी। सीबीआई को जांच देने की जो सिफारिश की गई थी वो सही थी और मुंबई पुलिस जैसे मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही थी वो उजागर हुआ है।'

जेडीयू प्रवक्ता ने क्या कहा?
जेडीयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा, 'देश के जनमानस की आवाज पर सुप्रीम कोर्ट ने मोहर लगाई है। मैं धन्यवाद देता हूं सीएम नीतीश कुमार को जिन्होंने सुशांत के पिता की गुहार सुन दस्तावेज केंद्र को भेजा। हम इस पर क्यों राजनीति करेंगे। महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस ने 2 महीने से कुछ नहीं किया सिर्फ टाल मटोल की।' वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद चिराग पासवान ने कहा, 'मैं उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद करूंगा कि उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत मामले में CBI जांच के आदेश दिए। उम्मीद है कि अब इस मामले में सच्चाई सामने आएगी और वो नाम भी सामने आएंगे जिन्होंने इस मामले को भटकाने का प्रयास किया।'

Recommended Video
रिया चक्रवर्ती की नीतीश कुमार पर कमेंट करने की औकात नहीं: बिहार डीजीपी












Click it and Unblock the Notifications