बिहार में RLSP-BSP-AIMIM के नए गठबंधन के ऐलान पर ओवैसी ने क्या कहा
नई दिल्ली- बिहार चुनाव में जिस तीसरे मोर्चे की बात चल रही थी और उसका आज औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। इस मोर्चे में उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा के अलावा हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), मायावती की बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी दल डेमोक्रेटिक और जनतांत्रिक पार्टी सोशलिस्ट भी शामिल हैं। इस मौके पर ओवैसी ने कहा है कि बिहार में 30 वर्षों में यानि 15 साल नीतीश कुमार-बीजेपी और 15 साल के आरजेडी-कांग्रेस के शासन के दौरान गरीबों का कोई फायदा नहीं हुआ, भविष्य में इस स्थिति को बदलने के लिए नया गठबंधन बनाया गया है।
Recommended Video

तीसरे मोर्चे में शामिल सभी दलों के नेताओं के साथ पटना के मॉर्या होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि '15 साल नीतीश कुमार और बीजेपी, और आरजेडी-कांग्रेस के 15 साल में बिहार के गरीबों को फायदा नहीं मिला है। प्रदेश सामाजिक-आर्थिक और शैक्षणिक मानकों में पीछे है। बिहार के भविष्य के लिए एक गठबंधन बनाया गया है, हम कामयाब होने के लिए सारे जतन करेंगे।'
नए फ्रंट के नेताओं ने देवेंद्र यादव का इसका संयोजक बनाया है, जिसमें उपेंद्र कुशवाहा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है। गौरतलब है कि देवेंद्र यादव और ओवैसी पहले ही एक गठबंधन बना चुके थे और कुशवाहा भी महागठबंधन से निकलने के बाद मायावती की बीएसपी के साथ गठबंधन कर चुके थे। अब इन गठबंधनों का भी गठबंधन कर दिया गया है। पहले एनडीए सरकार में केंद्र में मंत्री रह चुके और फिर महागठबंधन से पिछला लोकसभा चुनाव हार चुके उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि बिहार में ये दोनों ही गठबंधन फेल रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार पर आरोप लगाया है कि उनके कार्यकाल में बिहार और पीछे चला गया है।
बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए 28 अक्टूबर,3 नवंबर और 7 नवंबर को वोटिंग होगी और 10 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को खत्म हो रहा है। इससे पहले वहां नई सरकार गठित हो जानी है।












Click it and Unblock the Notifications