तेजप्रताप यादव के 'ससुर' चंद्रिका राय को नीतीश ने किस सीट से टिकट दिया?
पटना। जनता दल (यूनाइटेड) ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 115 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में लालू यादव के समधी और तेजप्रताप के सुसर चंद्रिका राय को भी टिकट दिया गया है। चंद्रिका राय को जदयू से परसा का उम्मीदवार बनाया है। मालूम हो कि मंगलवार को ही एनडीए में सीट बंटवारे की घोषणा कर दी गई थी। इसमें जेडीयू को 122 और बीजेपी को 121 सीटें मिलीं है।

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी की है। आरजेडी का साथ छोड़ जेडीयू का दामन थामने वाले चंद्रिका राय को जरूर टिकट मिल गया है। चंद्रिका राय साल 1985 से 2005 तक लगातार पांच बार परसा से विधायक रहे हैं। इस बार भी उन्हें परसा से ही जदयू ने अपना उम्मीदवार बनाया है। चंद्रिका राय लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के ससुर हैं।
जेडीयू के प्रधान महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि हमने ने जो 115 उम्मीदवारों की सूची तैयार की है, उसमें सभी वर्ग और समाज के लोगों को जगह दी गई है। इस बार हमारे नेता ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है। महिलाओं की काफी भागीदारी है। यह पूरी सोच हमारे नेता के समावेशी सोच का परिणाम है।
तेजप्रताप की शादी राजद के विधायक रहे चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय के साथ हुआ है। तेजप्रताप यादव ने अपनी पत्नी से तलाक की अर्जी लगाई थी और दोनों परिवारों का आपसी विवाद सड़क पर आ गया। इसके बाद से ऐश्वर्या राय अपने पिता के घर में रह रही हैं और कोर्ट में तलाक की सुनवाई चल रही है। दोनों परिवारों के बीच अब रिश्ते बिगड़ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications