क्या बिहार कांग्रेस में भी सब ठीक नहीं? राहुल गांधी ने सभी विधायकों, सीनियर नेताओं को दिल्ली बुलाया
नई दिल्ली, 5 जुलाई: बिहार के कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी की ओर से सभी को दिल्ली बुलाया गया है। बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष समीर कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि राज्य में पार्टी के सभी विधायक, विधान परिषद सदस्य और 12 अन्य सीनियर नेता दिल्ली जाएंगे। जहां 7 जुलाई को उनकी राहुल गांधी से मुलाकात होगी।

समीर कुमार सिंह भी इन नेताओं के साथ होंगे। उन्होंने कहा कि मुझे भी मिलने के लिए बुलाया गया है तो मैं भी जाऊंगा। इस बैठक को बुलाने की वजह को लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से मिलकर हमें बिहार में पार्टी को मजबूती प्रदान करने की प्रेरणा और संदेश मिलेगा। बिहार के सभी विधायकों और प्रमुख नेताओं को बुलाने से ये अटकले भी शुरू हो गई हैं कि क्या प्रदेश में पार्टी के भीतर कुछ उठापटक चल रही है। वहीं ये भी कहा जा रहा है कि इस बैठक के बाद बिहार में कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है।
बिहार और पंजाब में कांग्रेस में मचा है घमासान
पंजाब में बीते काफी दिनों से कांग्रेस पार्टी में खींचतान चल रही है। पंजाब कांग्रेस के दो नेता सीएम अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू आमने सामने दिख रहे हैं। पार्टी हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस के नेताओं के मुद्दों को सुलझाने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति बनाई है। ये समिति अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़ समेत प्रदेश के ज्यादातर कांग्रेस नेताओं से बात भी कर चुकी है। हालांकि अभी मामले का कोई हल निकलता नहीं दिखा है।
हरियाणा में भी कांग्रेस में पार्टी के अंदर अंदरुनी कलह देखने को मिल रहा है। हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच तनातनी है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थक विधायकों ने प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा के साथ काम करने में असमर्थता जताई है।












Click it and Unblock the Notifications