Pak पर भारत के एक्शन के बीच 26/11 हमलों के आरोपी को बड़ा झटका, तहव्वुर राणा की याचिका खारिज
Tahawwur Rana News: पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान जाने के बाद भारत ने आतंक के पनाहगार मुल्क पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। भारत ने सिंधु जल संधि से लेकर पाक नागरिकों के वीजा रद्द करने सहित 5 कड़े फैसले लिए हैं। इस बीच 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा (Tahawwur Rana) को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से बड़ा झटका लगा है।
पटियाला हाउस कोर्ट कोर्ट ने राणा की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने NIA कस्टडी के दौरान अपने परिवार से फोन पर बात करने की अनुमति मांगी थी।

Tahawwur Rana: बंद कमरे में हुई सुनवाई
इस मामले की सुनवाई विशेष जज चंद्रजीत सिंह की अदालत में इन-कैमरा (बंद कमरे) में हुई। अदालत ने बुधवार को फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे गुरुवार को सुनाया गया। कोर्ट ने NIA की दलीलों से सहमति जताते हुए राणा की अर्जी को खारिज कर दिया। राणा के वकीलों ने संकेत दिए हैं कि वे इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।
NIA ने जताई थी Tahawwur Rana को लेकर ये आशंका
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कोर्ट में कहा कि तहव्वुर राणा से जुड़ी जांच इस समय बेहद संवेदनशील दौर में है और एजेंसी को आशंका है कि अगर राणा को परिवार से संपर्क की अनुमति दी गई तो वह कोई अहम जानकारी लीक कर सकता है।
Tahawwur Rana की विदेशी नागरिक होने की दलील बेअसर
राणा के वकीलों ने अदालत में यह दलील दी थी कि वह एक विदेशी नागरिक है और उसका परिवार उसकी स्थिति को लेकर बेहद चिंतित है। इसलिए उसे कम से कम एक बार फोन पर बात करने की अनुमति दी जाए। लेकिन अदालत ने सुरक्षा कारणों और जांच की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए यह अर्जी खारिज कर दी।
NIA की कस्टडी में तहव्वुर राणा
फिलहाल तहव्वुर राणा को 2 मई तक के लिए 18 दिन की NIA कस्टडी में रखा गया है। राणा से रोजाना 8 से 10 घंटे तक पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार वह पूछताछ में सहयोग कर रहा है और अब तक केवल तीन चीजों की मांग की है-एक पेन, कुछ कागज या नोटपैड और कुरान। यह सब उसे मुहैया कराए जा चुके हैं। खाने को लेकर उसने अब तक कोई विशेष मांग नहीं की है।
हाई-सिक्योरिटी सेल में रखा गया राणा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राणा को दिल्ली स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में NIA मुख्यालय की एक हाई-सिक्योरिटी सेल में रखा गया है, जहां 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से उसका स्थान पूरी तरह से नियंत्रित है।












Click it and Unblock the Notifications