Rave Party Busted: बेंगलुरु फार्महाउस में क्यों रखी गई थी रेव पार्टी? 7 गर्ल्स समेत 31 हिरासत में, ये सब बरामद
Bengaluru Rave Party Busted: बेंगलुरु के देवनहल्ली इलाके में शनिवार (25 मई) रात एक फार्महाउस में चल रही रेव पार्टी का भंडाफोड़ हुआ, जिसमें 31 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पार्टी कन्नमंगला गांव के पास एक निजी फार्महाउस में चल रही थी, जिसमें भारी बारिश के बावजूद तेज म्यूजिक के साथ लोग नशे की हालत में डांस कर रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सुबह 5 बजे छापा मारा।
पुलिस ने मौके से 3 ग्राम कोकीन, 5 ग्राम हाइड्रो-गांजा, 60 ग्राम हशीश और कुछ गांजा जब्त किया। इसके अलावा शराब की खाली बोतलें और नशे के उपकरण भी बिखरे मिले।

कौन-कौन थे शामिल?
हिरासत में लिए गए 31 लोगों में 24 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से कई दूसरे राज्यों से आए, आईटी प्रोफेशनल्स हैं। बताया गया है कि ये लोग बेंगलुरु के मजार शरीफ नाम के एक युवक का बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे थे, जो खुद भी एक प्राइवेट फर्म में काम करता है।
पार्टी का आयोजन कैसे हुआ?
फार्महाउस का मालिक सैयद असद है, जिसने सोशल मीडिया के जरिए फार्महाउस किराए पर दिया था। आयोजन के लिए किसी तरह की इजाजत नहीं ली गई थी। फार्महाउस का केयरटेकर पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी वीजे साजिथ ने बताया कि ड्रग्स के साथ पकड़े गए 4 लोगों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बाकी 27 लोगों को पूछताछ के बाद जमानत दे दी गई।
जांच जारी
देवनहल्ली एसीपी नवीन की निगरानी में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस ड्रग सप्लाई नेटवर्क और आयोजन में शामिल बाकी लोगों की तलाश कर रही है। फार्महाउस मालिक और आयोजकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर बेंगलुरु के आईटी हब इमेज को झटका दिया है। रेव पार्टी और ड्रग्स का कनेक्शन कोई नया नहीं है, लेकिन सवाल ये उठता है कि बिना किसी रोकटोक के ये आयोजन आखिर हो कैसे जाते हैं? पुलिस की सख्ती से आगे आने वाले दिनों में ऐसे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications