Bengaluru Metro Yellow Line: नम्मा मेट्रो बनी IT सिटी की लाइफलाइन, ट्रैफिक का दबाव 37% हुआ कम
Bengaluru Metro Yellow Line: बेंगलुरु के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहरवासियों के लिए ट्रैफिक जाम बहुत बड़ी समस्या बन गई है। रोज दफ्तर या कॉलेज पहुंचने में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। हालांकि, मेट्रो की शुरुआत ने लोगों को सार्वजनिक परिवहन का एक सुरक्षित और किफायती विकल्प दिया है। कम समय में मेट्रो तेजी से लोकप्रिय विकल्प बन गया है। शहर की प्रमुख येलो लाइन नम्मा मेट्रो ने ट्रैफिक के दबाव को भी कम करने का काम किया है।
हाल ही में शुरू हुई नम्मा मेट्रो की येलो लाइन (Yellow Line) ने ट्रैफिक की समस्या को काफी हद तक कम कर दिया है। आंकड़ों के मुताबिक, मेट्रो लाइन के शुरू होने के बाद दक्षिण बेंगलुरु के इलाकों में ट्रैफिक जाम में करीब 37% की गिरावट दर्ज की गई है। सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी इसे शहर के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

Bengaluru Metro: जानलेवा जाम में आई कमी
⦁ नम्मा मेट्रो की येलो लाइन आरवी रोड (RV Road) से लेकर बोम्मासंद्रा (Bommasandra) तक लगभग 19.1 किलोमीटर लंबी है और इसमें 16 स्टेशन शामिल हैं।
⦁ यह रूट शहर के सबसे भीड़-भाड़ वाले इलाके जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी, हुलीमावु, और एचएसआर लेआउट तक बेहतर कनेक्टिविटी देता है। इस रूट पर कई प्रमुख कंपनियों के दफ्तर हैं। इस मेट्रो लाइन के शुरू होने से हजारों ऑफिस जाने वाले लोगों और आईटी सेक्टर के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें: Bengaluru Metro: नम्मा मेट्रो फेज-3A का काम जल्द होगा शुरू, सरजापुर से हेब्बाल तक सफर होगा आसान
⦁ येलो लाइन के संचालन से बोम्मासंद्रा और आरवी रोड के बीच का सफर अब सिर्फ 30 मिनट में पूरा हो रहा है। सड़क के रास्ते इस रूट से जाने में करीब डेढ़ घंटे तक का समय लगता है, जिसमें ज्यादातर वक्त ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है और लंबे जाम लगते हैं।
⦁ नम्मा मेट्रो की शुरुआत के साथ साथ ही ट्रैफिक, प्रदूषण और ईंधन खर्च से भी राहत मिली है। साथ ही, रोजमर्रा के यात्रियों के लिए यह कैब और अपनी गाड़ी से आने-जाने के मुकाबले किफायती विकल्प भी है।
बेंगलुरु शहर के लिए गेम चेंजर बन रही मेट्रो
नम्मा मेट्रो परियोजना की कुल लागत करीब ₹7,610 करोड़ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु मेट्रो का इस्तेमाल रोज लाखों यात्री कर रहे हैं। इसे देखते हुए मेट्रो परियोजना के विस्तार पर भी तेजी से काम चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त में इस लाइन का उद्घाटन किया था और इसे 'शहर के विकास की नई धड़कन' बताया था। बेंगलुरु मेट्रो को आम लोग भी बड़ी राहत मान रहे हैं। इसे शहर के लिए गेम चेंजर बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Bengaluru Metro: बेंगलुरु के लोगों को अब येलो लाइन फटाफट मिलेगी ट्रेन, IT सिटी के लिए आई गुड न्यूज












Click it and Unblock the Notifications