Bengaluru: ₹7,000 करोड़ के कावेरी वॉटर प्रोजेक्ट को मंजूरी, 30 लाख लोगों को मिलेगा पीने का पानी, जानिए एरिया
Bengaluru Cauvery Stage VI Project Approved: बेंगलुरु के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पानी की किल्लत से जूझ रहे शहर के बाहरी इलाकों को अब जल्द ही कावेरी का सहारा मिलने वाला है। कर्नाटक सरकार ने ₹7,000 करोड़ की महत्वाकांक्षी कावेरी चरण VI परियोजना को हरी झंडी दे दी है, जिससे तेजी से बढ़ रही नई बस्तियों और आसपास के शहरी इलाकों में रहने वाले करीब 30 लाख लोगों को साफ पेयजल मिल सकेगा।
किन इलाकों को मिलेगा फायदा?
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बेंगलुरु के बाहरी क्षेत्रों और आठ शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) तक कावेरी का पानी पहुंचाना है। इससे केम्पेगौड़ा लेआउट, शिवराम कारंत लेआउट और आसपास की नई आवासीय बस्तियों को सीधा लाभ मिलेगा।

किन आठ एरिया को इस योजना में शामिल किया गया है?
ये वाे इलाकें हैं जहां तेजी से शहरीकरण और बढ़ती आबादी के कारण पानी की मांग लगातार बढ़ रही थी। जिसके चलते इस योजना में इन एरिया को शामिल किया गया है।
मदनायकनहल्ली
चिक्काबनवारा
हुनासेमरनहल्ली
नेलमंगला
होसकोटे
देवनहल्ली
बशेट्टीहल्ली
विजयपुरा
क्यों जरूरी थी यह प्रोजेक्ट?
बेंगलुरु के बाहरी हिस्सों में पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर हाउसिंग प्रोजेक्ट्स विकसित हुए हैं। लेकिन जल आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोग भूजल और निजी टैंकरों पर निर्भर थे। कावेरी चरण VI के लागू होने से न केवल स्थायी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि भूजल दोहन पर भी अंकुश लगेगा।
भूमि और फंडिंग की योजना
परियोजना के लिए करीब 130 एकड़ जमीन की जरूरत होगी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1,800 करोड़ बताई जा रही है। वित्तपोषण के लिए सरकार विश्व बैंक और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) जैसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से मदद लेने की योजना बना रही है।
कैसे मिली मंजूरी?
Bengaluru Water Supply and Sewerage Board (BWSSB) ने तकनीकी अध्ययन और भविष्य की जल मांग का आकलन करने के बाद 2025 में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर सरकार को सौंपी थी। प्रस्ताव की गहन समीक्षा के बाद अब सरकार ने इसे औपचारिक मंजूरी दे दी है।
फेज V के बाद एक और बड़ा कदम
गौरतलब है कि यह मंजूरी कावेरी चरण V के उद्घाटन के महज चार महीने बाद आई है। चरण V के तहत बेंगलुरु को 775 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) अतिरिक्त जल आपूर्ति मिली थी। अब चरण VI के साथ सरकार का लक्ष्य शहर और इसके विस्तारित उपनगरों की जल सुरक्षा को और मजबूत करना है, ताकि भविष्य में पानी की समस्या से राहत मिल सके। Bengaluru Metro: बेंगलुरू में पहुंची बिना ड्राइवर वाली तीसरी नम्मा मेट्रो, कब शुरू हो रही पिंक लाइन?












Click it and Unblock the Notifications