Bengaluru Metro: बेंगलुरू में पहुंची बिना ड्राइवर वाली तीसरी नम्मा मेट्रो, कब शुरू हो रही पिंक लाइन?
बेंगलुरु मेट्रो की बहुप्रतीक्षित पिंक लाइन प्राेजेक्ट में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार हो गया है। हाल ही में, इसकी तीसरी ड्राइवर रहित ट्रेन कोथनूर डिपो पहुंच गई। यह कदम 21.25 किलोमीटर लंबी इस लाइन पर कार्मशियल संचालन शुरू करने की दिशा में आवश्यक, गहन परीक्षण और परिचालन तत्परता को तेज करेगा, जो कलीना अग्रहारा को नागवारा से जोड़ेगी।
दो ट्रेनें पहले से पहुंच चुकी हैं बेंगलुरू
यह नई ड्राइवर वाली ट्रेन आधी रात को कोथनूर डिपो पहुंची। इससे पूर्व, पिंक लाइन के लिए दो चालक रहित ट्रेनें पहले ही आ चुकी थीं, और पहली ट्रेन सेट का परीक्षण भी शुरू हो गया है। पहले चरण में, कुल छह पूरी तरह से स्वचालित, चालक रहित ट्रेनें इस मार्ग पर तैनात की जाएंगी। इन ट्रेनों की आपूर्ति BEML कर रहा है, जिसने पिंक लाइन के लिए कुल 23 चालक रहित ट्रेन सेट का ऑर्डर दिया है।

नम्मा मेट्रो पिंक लाइन का रूट क्या होगा?
पिंक लाइन कलीना अग्रहारा को नागवारा से जोड़ेगी, जिसमें कुल 21.25 किलोमीटर की दूरी और 18 मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनमें से 12 स्टेशन भूमिगत हैं, जबकि 6 एलिवेटेड हैं। इस कॉरिडोर से बेंगलुरु में उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार और प्रमुख आवासीय तथा वाणिज्यिक क्षेत्रों में यातायात की भीड़ कम होने की उम्मीद है।
कब शुरू होगी पिंक लाइन?
बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) इस साल मई तक कलीना अग्रहारा से तवारेकेरे तक एलिवेटेड सेक्शन को खोलने की पुरजोर तैयारी कर रहा है। इस खंड में सभी छह एलिवेटेड स्टेशन आते हैं। अधिकारियों की योजना है कि BEML से सभी छह ट्रेन सेटों की डिलीवरी और उनका सफल परीक्षण होते ही वाणिज्यिक सेवाएं शुरू कर दी जाएं।
इसी बीच, 13.76 किलोमीटर लंबे शेष भूमिगत खंड पर निर्माण कार्य सक्रिय रूप से जारी है, जिसमें 12 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं। भूमिगत कार्य पूरे होने के बाद, BMRCL का लक्ष्य इस साल के अंत तक पूरे पिंक लाइन कॉरिडोर को खोलना है, जिससे दक्षिण से उत्तर बेंगलुरु तक निर्बाध यात्रा सुनिश्चित होगी। चालक रहित प्रणाली से उच्च सुरक्षा, बेहतर ऊर्जा दक्षता और सुगम परिचालन की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications