'इंसाफ के लिए खून बहाया', आरजी कर रेप केस पीड़िता की मां ने ममता सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
Bengal police lathi charge: कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर केस (RG Kar Medical College rape case) की पीड़िता की मां ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब वह शनिवार, 9 अगस्त को सचिवालय नबन्ना की ओर निकल रही थीं, तो महिला पुलिस कर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की।
यह प्रदर्शन उस घटना की पहली बरसी पर आयोजित किया गया था, जिसमें पिछले साल एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की अस्पताल परिसर में बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।

नबन्ना मार्च में पुलिस की भारी तैनाती
पीड़िता की मां का कहना है कि पुलिस के साथ झड़प में उनकी पारंपरिक शंखा (सफेद शंख की चूड़ी) टूट गई और उनके सिर पर चोट आई। पीड़िता की मां ने कहा कि हम सिर्फ नबन्ना तक पहुंचना चाहते हैं और अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांगना चाहते हैं।
परिवार और समर्थकों द्वारा निकाले जा रहे नबन्ना मार्च को पुलिस ने डोरिना क्रॉसिंग पर रोक दिया। आरोप है कि भारी पुलिस बल तैनात कर प्रदर्शनकारियों को सचिवालय जाने से रोका गया। पीड़िता के पिता ने भी कहा कि कोर्ट से शांतिपूर्ण रैली की अनुमति मिलने के बावजूद पुलिस ने परिवार को डोरिना क्रॉसिंग तक पहुंचने से रोका।
BJP protest Kolkata: शुभेंदु अधिकारी भी हुए शामिल
इस प्रदर्शन में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वे पार्टी के झंडे के बिना रैली में शामिल हों। अधिकारी खुद भी कुछ बीजेपी विधायकों के साथ बिना पार्टी के बैनर और झंडे के पीड़िता के माता-पिता के साथ डोरिना क्रॉसिंग पर शामिल हुए।
अधिकारी ने आरोप लगाया कि "ममता बनर्जी प्रशासन इस भीड़ से डर गया है, जो न्याय की मांग कर रही है।" प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर थे, जिन पर पीड़िता के लिए न्याय और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग लिखी हुई थी।
इस्तीफे और न्याय की मांग
रैली में शामिल लोगों ने ममता बनर्जी से इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि केस की जांच में लापरवाही बरती गई और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिल पाई। इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल में महिला सुरक्षा, पुलिस की भूमिका और राजनीतिक टकराव के मुद्दों को सुर्खियों में ला दिया है।












Click it and Unblock the Notifications