Bengal Chunav 2026: बीजेपी का मिशन बंगाल के लिए महामंथन, उम्मीदवारों के चयन के लिए बनाए गए सख्त पैरामीटर
Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। चुनावी रणनीति बनाने और उम्मीदवारों के चयन के लिए मंथन का दौर जारी है। पार्टी ने 'मिशन बंगाल 2026' को सफल बनाने के लिए बड़े स्तर पर बैठक और निगरानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बीजेपी नेतृत्व ने चुनावी उम्मीदवारों के चयन के लिए कई सख्त पैरामीटर तय किए हैं, ताकि मजबूत और जीतने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व और राज्य इकाई के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। इन बैठकों में पिछले चुनाव के अनुभवों की समीक्षा के साथ-साथ संगठन की ताकत और कमजोरियों पर भी चर्चा की जा रही है। पार्टी का मानना है कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाकर चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।

Bengal Chunav 2026: जमीनी नेताओं पर होगा पार्टी का फोकस
बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों के चयन के लिए विनिंग कैपेसिटी (जीतने की क्षमता) को सबसे अहम मानदंड बनाया गया है। इसके अलावा उम्मीदवार का स्थानीय स्तर पर जनाधार, संगठन के साथ सक्रियता, साफ छवि और क्षेत्र में पकड़ जैसे पहलुओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी यह भी सुनिश्चित करना चाहती है कि टिकट उन्हीं नेताओं को मिले जो जमीनी स्तर पर सक्रिय हों और जनता के बीच उनकी अच्छी छवि हो।
BJP Mission Bengal: डेटा आधारित फीडबैक पर फोकस
बीजेपी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों के चयन में इस बार डेटा और फीडबैक आधारित रणनीति अपनाई जाएगी। इसके लिए पार्टी संगठन, स्थानीय कार्यकर्ताओं और सर्वे रिपोर्ट से मिलने वाली जानकारी का भी इस्तेमाल करेगी। साथ ही क्षेत्रीय समीकरणों, जातीय और सामाजिक संतुलन को भी ध्यान में रखा जाएगा।
2021 विधानसभा चुनाव की गलतियां नहीं दोहराएगी पार्टी
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता तक पहुंचने के लिए मजबूत संगठन और सही उम्मीदवारों का चयन बेहद जरूरी है। 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन सरकार बनाने से दूर रह गई थी। ऐसे में पार्टी अब पिछली कमियों को दूर कर 2026 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव नतीजों की समीक्षा में सामने आया कि दल-बदल करने वाले नेताओं और सेलिब्रिटी चेहरों पर भरोसा दिखाने का नुकसान बीजेपी को उठाना पड़ा। इसलिए इस बार इन कमियों को दूर किया जाएगा।
PM Modi और शाह की दिल्ली में अहम बैठक
गुरुवार (12 मार्च) को दिल्ली में पीएम मोदी की गृहमंत्री अमित शाह की चुनाव तैयारियों को लेकर अहम बैठक है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ भी शाह लंबी वार्ता करने वाले हैं। बीजेपी का यह रणनीतिक मंथन इस बात का संकेत है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है। आने वाले महीनों में पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कई और बैठकें होने की संभावना है। मिशन बंगाल 2026 के तहत बीजेपी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की कोशिश कर रही है, जहां उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications