Bengal BJP: दिल्ली चुनाव, राहुल गांधी, रेलवे, कैसे बीजेपी MP ने संसद में TMC और ममता सरकार को दम भर सुनाया
Bengal BJP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को राज्यसभा में हाल ही में संपन्न हुए दिल्ली चुनावों की सराहना की और इसे 'हिंसा-मुक्त' करार देते हुए बंगाल में टीएमसी की ममता बनर्जी सरकार को आड़े हाथों लिया।
चर्चा के दौरान, उन्होंने रेल मंत्रालय के कामकाज को लेकर भी ममता सरकार को निशाने पर लिया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लिए भी एक ऐसी बात कही जो तृमणूल कांग्रेस को चुभने के लिए थी।

Bengal Politics: बंगाल में रेल परियोजनाओं में देरी के लिए ममता सरकार पर हमला
राज्यसभा में बहस की शुरुआत करते हुए, समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल सरकार को रेलवे परियोजनाओं की देरी के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण न होने के कारण राज्य में करीब 43 रेलवे परियोजनाएं अटकी पड़ी हैं। इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस (TMC)के सदस्यों ने जोरदार विरोध किया।
भट्टाचार्य ने कहा कि रेलवे की संपत्तियों पर अतिक्रमण पश्चिम बंगाल में एक गंभीर समस्या है, खासकर कोलकाता जैसे शहरी इलाकों के आसपास। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि वह भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाए और कानून-व्यवस्था की समस्याओं का समाधान करे।
Bengal BJP: 'हिंसा-मुक्त' दिल्ली चुनाव का उदाहरण देकर तृणमूल कांग्रेस को दिखाया आईना
बीजेपी सांसद ने दिल्ली में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां एक भी हिंसा की घटना नहीं हुई। उन्होंने बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा की ओर इशारा करते हुए कहा कि दिल्ली में 'न कोई जान गई, न कोई गोली चली, न किसी का घर जेसीबी से तोड़ा गया।'
उनके इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई और सदन में हंगामा किया। इसके बावजूद, भट्टाचार्य ने अपना भाषण जारी रखते हुए कहा कि वह कांग्रेस की भी सराहना कर रहे हैं, क्योंकि दिल्ली चुनावों में सभी पार्टियों को समान अवसर मिला।
Bengal BJP Politics: राहुल गांधी पर हमले को लेकर तृणमूल पर तंज
भाजपा सांसद ने सदन में राहुल गांधी के बंगाल दौरे के समय हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'बंगाल में राहुल गांधी के काफिले पर पथराव हुआ, उन्हें गेस्टहाउस तक नहीं मिला....।' इससे पहले भी बीजेपी कई बार पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठा चुकी है।
Bengal BJP: रेलवे बजट पर मोदी सरकार की नीतियों की प्रशंसा
समिक भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा रेलवे में किए गए सुधारों की भी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि रेलवे बजट को आम बजट में मिलाने का फैसला बेहद फायदेमंद साबित हुआ है। इससे वित्तीय नियोजन और संसाधनों के आवंटन की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा, '2014 से पहले, रेलवे बजट को राजनीतिक समीकरण साधने का साधन बना दिया गया था। बड़े-बड़े वादे किए जाते थे, लेकिन जमीन पर बहुत कम काम होता था। मोदी सरकार ने इस प्रवृत्ति को बदला और रिकॉर्ड बजट आवंटन के जरिए रेलवे को विश्वस्तरीय नेटवर्क में बदलने की प्रतिबद्धता दिखाई है।'
Bengal BJP: बीजेपी के 'शहीदों' को श्रद्धांजलि देते हुए भी टीएमसी को लपेटने की कोशिश
अपनी बात समाप्त करते हुए, भट्टाचार्य ने बंगाल में भाजपा के 83 कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 'नेता सदन (जेपी नड्डा) ने 2019 में गंगा के किनारे बीजेपी के 83 शहीदों के लिए 'तर्पण' किया था।' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications