'क्या यही है आपकी मोहब्बत की दुकान राहुल जी?' 2 महिला पत्रकारों को उठा ले गई पुलिस, CM रेवंत पर किया था पोस्ट
Telangana Journalists Arrest: तेलंगाना में दो महिला पत्रकारों की गिरफ्तारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 'पल्स न्यूज' की मैनेजिंग डायरेक्टर पोगडादंडा रेवती और रिपोर्टर तनवी यादव को बुधवार को हैदराबाद पुलिस की साइबर क्राइम डिवीजन ने हिरासत में ले लिया था।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इन पत्रकारों पर आरोप है कि उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट किया और इसे प्रचारित किया। इनके अलावा, 'निप्पूकोड़ी' नाम के एक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट के यूजर को भी गिरफ्तार किया गया है।

Telangana Congress: महिला पत्रकारों पर गंभीर आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज
इन गिरफ्तारियों की कार्रवाई कांग्रेस की राज्य सोशल मीडिया यूनिट के प्रमुख की शिकायत के बाद की गई है। आरोपियों पर संगठित अपराध, आपत्तिजनक सामग्री प्रकाशित करने, अफवाह फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और शांति भंग करने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
Telangana Women Journalists Arrest: 'पल्स टीवी' पर सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार और बदनाम करने का लगाया आरोप
शिकायत के अनुसार, 'पल्स न्यूज' की रिपोर्टर ने एक व्यक्ति का इंटरव्यू किया था, जिसमें मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से 'अपमानजनक' और 'अशोभनीय' टिप्पणियां की गई थीं।
शिकायत में इस वीडियो को अत्यधिक उत्तेजक करार दिया गया है, जिससे हिंसा भड़कने की आशंका जताई गई है। कांग्रेस का आरोप है कि 'पल्स टीवी' जानबूझकर सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार और बदनाम करने की कोशिश कर रहा था।
Telangana Journalists Arrest: तेलंगाना में आपातकाल जैसी स्थिति लौट आई- केटीआर
इन गिरफ्तारियों को लेकर मुख्य विपक्षी पार्टी बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। बीआरएस नेता केटी रामाराव ने कांग्रेस पर 'आलोचना सहन न करने' का आरोप लगाया और कहा कि 'तेलंगाना में आपातकाल जैसी स्थिति' लौट आई है।
केटी रामाराव ने एक लंबे सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पोगडादंडा रेवती को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया और उनके घर पर सुबह 5 बजे छापा मारा गया, जो कांग्रेस सरकार की 'आपातकाल जैसी शासन प्रणाली' जाहिर करता है। उन्होंने तनवी यादव की गिरफ्तारी को भी 'अत्याचारी' बताया और तेलंगाना में प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल उठाया।
Telangana Politics: बीजेपी ने भी कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी एक्स पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक पत्रकार को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि उन्होंने 'तेलंगाना के किसानों की पीड़ा और हताशा' को उजागर किया था। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की 'तानाशाही प्रवृत्ति' को दर्शाता है।
Telangana News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को तंज भरे शब्दों में आईना दिखाने की कोशिश
बीआरएस नेता रामाराव ने इस घटना के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया है और उन पर तंज कसते हुए कहा, 'क्या यही है आपकी मोहब्बत की दुकान, राहुल जी?' उन्होंने राहुल गांधी द्वारा संविधान की प्रति हाथ में रखने की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस के शासन को 'असंवैधानिक' करार दिया है। दिलचस्प बात ये है कि जब बीआरएस सत्ता में थी, तब भी पोगडादंडा रेवती को इसी तरह गिरफ्तार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications