#BadTouch: ‘भाई के सामने आने से भी कतराने लगी थी...

यौन शोषण के इर्द-गिर्द घूमती बीबीसी हिंदी की ख़ास सिरीज़ #BadTouch की तीसरी कड़ी में आज अपनी कहानी बता रही हैं रोशनी और सुमन

भारत में लड़की
MANAN VATSYAYANA/AFP/Getty Images
भारत में लड़की

रोशनी, 22 साल (बदला हुआ नाम)

बचपन के दिन हँसने-खेलने के होते हैं लेकिन इन्हीं दिनों होने वाले कुछ हादसे आपकी पूरी ज़िंदगी बदल कर रख देते हैं.

इस वाकये को बीते कई साल हो चुके हैं लेकिन अब तक यह हाल है कि मुझे प्यार, रिलेशनशिप और शादी का नाम सुनकर ही डर-सा लगने लगता है.

उस वक़्त मेरी उम्र 11-12 साल रही होगी. वो पड़ोस में किराए पर कमरा लेकर रहता था, दूसरे शहर से पढ़ने आया था. स्टूडेंट था इसलिए जब-तब ठंडा पानी, नमक, चीनी वगैरह लेने हमारे घर आ जाया करता था.

#Badtouch : 'भैया गोद में बैठाते, बाद में किस करते'

'चाचा को सब पसंद करते थे लेकिन मैं नहीं...'

मेरे घर वाले उस पर बहुत भरोसा करने लगे थे. मैं और मेरा चचेरा भाई उससे ट्यूशन पढ़ने जाने लगे. एक बार किसी टेस्ट में मेरे बहुत कम नंबर आए. उस दिन उसने मुझे लंबा सा जवाब याद करने को दिया और मेरे भाई को आसान सा.

भाई ने कुछ देर में याद करके सुना दिया. उसने उसे छुट्टी दे दी और ये कहकर घर भिजवा दिया कि जब तक रोशनी को जवाब याद नहीं होगा इसे छुट्टी नहीं मिलेगी.

अब कमरे में सिर्फ मैं और वो थे. थोड़ी देर में मैंने देखा कि वो पैंट खोल कर अपना प्राइवेट पार्ट सहला रहा था, उसने मुझे जबरदस्ती इधर-उधर छूना शुरू कर दिया.

भारत में लड़की
Getty Images
भारत में लड़की

मैं घबराकर रोने लगी थी. उसने चुप कराते हुए धमकी दी कि अगर मैंने घर में कुछ बताया तो वो घर पर मेरे कम नंबरों के बारे में बता देगा फिर मुझे खूब मार पड़ेगी.

मैं देर तक रोती रही. उसने चुप कराने की बहुत कोशिश की पर जब देखा कि मेरी हालत बिगड़ रही है तो खुद ही मुझे अपने साथ घर ले गया और घर में बताया कि नंबर कम आने की वजह से उसने मुझे बहुत डांटा है इसलिए मैंने रो-रो के बुरा हाल कर लिया है.

'मैंने तय किया कि मैं चुप नहीं रहूंगी'

रस्म के नाम पर 'सेक्स' का विरोध

लड़की, बच्ची
AFP
लड़की, बच्ची

मुझे याद है, इसके बाद मैं बहुत बीमार पड़ गयी थी वो रोज़ मेरी तबीयत पूछने आता था, या शायद ये खबर लेने कि कहीं मैंने घर में कुछ बताया तो नहीं. लेकिन घर का माहौल शांत था क्योंकि मैंने किसी से कुछ नहीं कहा था.

उसके बाद मेरा ये हाल हो गया था कि अपने भाई का सामना करने से भी बचती थी. जब बड़ी हुई तो पता चला कि मेरे साथ यौन अपराध हुआ है.

शुक्र है कि कुछ वक़्त बाद वो दूसरे शहर चला गया था लेकिन आज भी जब उस बारे में ख़याल आता है तो मन में घिन और सिहरन सी उठती है.

सुमन, 33 साल (बदला हुआ नाम)

भारत में लड़की
MONEY SHARMA/AFP/Getty Images
भारत में लड़की

बात तब की है जब मैं चौथी या पांचवीं क्लास में पढ़ती थी. बाकी बच्चों की तरह हम भी गर्मी की छुट्टियों में नानी के घर जाया करते थे.

चूँकि नानी गांव में अकेले ही रहती थीं और वहां जब हम चार भाई-बहन पहुंचते तो दिक्कतें भी बहुत होती थीं लेकिन नानी के यहां जाने का चाव इतना था कि हम हर साल वहां पहुंच जाते.

पोप के करीबी अधिकारी पर यौन शोषण का आरोप

समलैंगिक और सेक्स वर्कर भी कर सकेंगे रक्तदान

नानी के घर के बगल में हमारे चचेरे नाना का घर था. हम उनके घर जाकर उनके बच्चों के साथ खेलते, टीवी देखते और खूब मौजमस्ती करते.

एक रात बहुत गर्मी पड़ रही थी, लाइट भी नहीं थी. बाहर बिछाने के लिए चारपाइयां कम थीं. जब चारपाई कम पड़ गयी तो उन्होंने कहा कि सुमन को मेरे घर भेज दो. उस दिन उनके घर में कोई और नहीं था.

मुझे चचेरे नाना के घर सोने के लिए भेज दिया. उन्होंने मुझे चारपाई पर लिटाया और मुझे पढ़ने के लिए एक किताब दी. मुझे कहानियां पढ़ने का शौक था इसलिए जो भी किताब हाथ लगती सब पढ़ डालती थी.

भारत में लड़की
MONEY SHARMA/AFP/Getty Images
भारत में लड़की

उन्होंने मुझसे एक कहानी को एक निश्चित जगह से पढ़ने के लिए कहा. मैं पढ़ने में होशियार थी, अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिला था तो फटाफट पढ़ने लगी.

पढ़ते-पढ़ते एक शब्द आया, 'ब्रा'. उन्होंने पूछा, "जानती हो ब्रा क्या होता है? तेरी मम्मी पहनती हैं?"

यह कहते हुए उनका हाथ मेरी टी-शर्ट के अंदर पहुंच चुका था. मुझे लगा कि मेरे साथ कुछ ग़लत हो रहा है. मैं रोते हुए किताब फेंक कर वहाँ से भागी, मेरे पीछे वो भी आए.

सिलिकॉन वैली में यूं होता है महिलाओं का यौन शोषण

ऑफ़िस में लोगों को गले लगाते हैं तो सावधान हो जाएं

मैं रोती रही लेकिन किसी से बता नहीं सकी कि मेरे साथ क्या हुआ है. जब समझदार हुई तो अपनी छोटी बहनों को इस बारे में बताया, ताकि अगर उनके साथ ऐसा कुछ हो तो वो किसी से बता सकें.

माँ से आज तक नहीं कह सकी क्योंकि मेरी मां ने फिर कभी मुझे सीने से लगाकर नहीं पूछा कि उस रात क्या हुआ था.

(बीबीसी संवाददाता सिन्धुवासिनी से बातचीत पर आधारित)

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+