लंदन में फिर से होगी बाबा रामदेव से पूछताछ, लोग हैरान
नई दिल्ली। योग गुरू बाबा रामदेव के लिए लंदन में अभी भी परेशानियां कम नहीं हुई हैं। खबर आ रही है कि लंदन एयरपोर्ट पर आठ घंटे रोके जाने के बावजूद शनिवार शाम साढे छह बजे फिर से योग गुरू बाबा रामदेव को कस्टम वालों ने पूछताछ के लिए बुलाया है। कस्टम वालों ने बाबा रामदेव की दो डायरियां अपने पास रखी हैं जिसमें बाबा रामदेव के मुताबिक उन्होंने यूपीए सरकार का काला चिठ्ठा लिख रखा था। एक डायरी में यूपीए घोटालों का विवरण था तो एक में लोगों द्वारा देश से बाहर जमा कराए गए काले धन का विवरण था।
योग गुरू बाबा रामदेव ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आरोप लगाया है और कहा है कि लंदन एयरपोर्ट पर जो कुछ भी उनके साथ हुआ है उसके पीछे सिर्फ और सिर्फ सोनिया गांधी का ही हाथ है। लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही बाबा रामदेव ने मीडिया से कहा कि 'मुझे आठ घंटे यहां क्या अष्टांग योग करवाया गया, मेरे पास एक ढेला भी नहीं है, एक डॉलर, एक रुपया भी नहीं. मैं रखता ही नहीं अपने पास। नोट बुक ले ली जिसमें लेक्चर्स के नोट्स बनाता हूं, रोके जाने का कोई कारण नहीं बताया. शायद सोनिया गांधी को कारण पता होगा। हालांकि बाबा ने कहा कि उनके साथ कोई बदसलूकी नहीं हुई है।
आपको बता दें कि बाबा रामदेव को शुक्रवार रात को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर ब्रिटिश सीमा शुल्क अधिकारियों ने करीब 8 घंटे रोक कर रखा। घटना की जो जानकारी मीडिया को मिली है उसके मुताबिक कस्टम अधिकारियों ने उनसे आठ घंटे लंबी पूछताछ की क्योंकि बाबा रामदेव बिजनेस वीजा के बजाय विजीटर वीजा पर लंदन आये थे। फिलहाल उन्हें रोके जाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।
बाबा रामदेव के पास अपने निजी सामान के अलावा कुछ किताबें औऱ दवाईयां थीं जिनके वजह से ही उन्हें कस्टम अधिकारियों ने रोका था लेकिन बाबा रामेदव के प्रवक्ता एस के तेजरावाला का कहना है कि यह सारी बातें बेबुनियाद है जिसमें कहा जा रहा है कि बाबा रामदेव को दवाईयों के कारण रोका गया था। उन्हें रोके जाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।
बाबा रामदेव के साथ हुए इस बर्ताव के बारे में जैसे ही उनके समर्थकों को पता चला, तब से ही वह लोग बाबा के लिए परेशान है। उनके समर्थकों का कहना है कि बाबा रामदेव सही कह रहे हैं, बाबा रामदेव पहली बार तो लंदन गये नहीं है यह जरूर एक सोची-समझी साजिश के तहत हो रहा है।













Click it and Unblock the Notifications